पीट-पीटकर चोरी के शक में सब्जी विक्रेता की हत्या

हापुड़। गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के अंतर्गत आदर्श नगर कालोनी के चार युवकों पर हत्या का आरोप लगाया गढ़मुक्तेश्वर। नगर के मोहल्ला आदर्शनगर के रहने वाले एक युवक पर बैटरी चोरी का आरोप लगाकर कुछ लोगों ने उसे बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा। अधमरी हालत में हत्यारोपित उसे अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर विलाप करते परिजनों को शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। परिजनों ने चार नामजद सहित सात लोगों पर हत्या का आरोप लगा तहरीर दी है। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर हत्यारोपितों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस में दी तहरीर में मोहल्ला आदर्श नगर कालोनी के रहने वाले दानिश ने बताया कि उसका चचेरा भाई नदीम नगर में ठेले से फेरी लगाकर सब्जी बेचने का काम करता था। सोमवार सुबह करीब चार बजे नदीम घर से ठेला लेकर सब्जी खरीदने के लिए मंडी जा रहा था। रास्ते में उसे मोहल्ले के ही रहने वाले नय्यूम, तस्लीम, अब्दुल और इरशाद अपने तीन अज्ञात लोग मिले थे। ये सभी ट्रक बाडी बनाने का काम करते हैं। आरोपित लोग ने जबरन नदीम को बैटरी चोरी का झूठा आरोप लगाकर उसे रस्सी से बांध दिया। यहां आरोपितों ने मिलकर नदीम को लाठी-डंडों से पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। इस घटना को पीड़ित के मोहल्ले के रहने वाले रिंकू, बिलाल और यासीन ने देखा तो उन्होंने नदीम को बचाने का प्रयास किया। इस पर हत्यारोपितों ने इन तीनों के साथ गाली-गलौज करते हुए हत्या की धमकी देकर भगा दिया। उन्होंने नदीम के परिजनों को घटनाक्रम की जानकारी दी। उधर, नदीम की हालत बिगड़ने पर हत्यारोपितों ने उसे स्याना रोड स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। मामले की जानकारी पर पीड़ित परिजन के साथ अस्पताल पहुंचा। जहां पता चला कि नदीम की मौत हो गई है। अस्पताल के बाहर लगी रही लोगों की भीड़ नदीम की मौत की सूचना पर उसके परिजनों समेत काफी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे। घटना को लेकर लोगों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने नदीम के शव को देख अस्पताल के विलाप शुरू कर दिया। मामले की सूचना पर सीओ गढ़मुक्तेश्वर पवन कुमार और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अभिनव सिंह पुंडीर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर परिजनों को शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। उधर, माहौल न बिगड़े इसके चलते आदर्श नगर कालोनी में पुलिस बल तैनात कर दिया है। तीन दिन पहले भी हुआ था विवाद पीड़ित परिजनों ने बताया कि तीन दिन पहले नदीम और हत्यारोपितों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान भी हत्यारोपितों ने नदीम को पीटा था और हत्या की धमकी दी थी। मोहल्लावासियों के कहने पर उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस से नहीं की थी। मगर उन्हें नहीं पता था कि बैटरी चोरी का झूठा आरोप लगाकर हत्यारोपित नदीम की हत्या कर देंगे कोतवाली प्रभारी अभिनव सिंह पुंडीर ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर चार नामजद हत्यारोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस को घटना के चश्मदीद गवाह भी मिल गए हैं। घटना को लेकर कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। शीघ्र ही घटना में शामिल आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *