पानीपत में नकली कोल्ड ड्रिंक फैक्ट्री का भंडाफोड़! पेप्सी-माउंटेन ड्यू की 9,341 बोतलें बरामद, मुजफ्फरनगर का सुपरवाइजर नामजद

पानीपत में नकली कोल्ड ड्रिंक फैक्ट्री का भंडाफोड़! पेप्सी-माउंटेन ड्यू की 9,341 बोतलें बरामद, मुजफ्फरनगर का सुपरवाइजर नामजद

मुजफ्फरनगर/पानीपत। पानीपत-हरिद्वार रोड पर कुराड़ गांव के पास संचालित नकली कोल्ड ड्रिंक्स बनाने वाली अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ है। हैरानी की बात यह है कि यह फैक्ट्री पूरी गर्मी के सीजन में बेखौफ चलती रही और यहां तैयार नकली पेय पदार्थ बाजारों में धड़ल्ले से सप्लाई किए जाते रहे। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता (सीएम फ्लाइंग) करनाल, खाद्य सुरक्षा विभाग और सनौली थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने फैक्ट्री पर छापा मारकर इस गोरखधंधे का पर्दाफाश किया। कार्रवाई के दौरान मौके से 9,341 भरी हुई बोतलें और नामी कंपनियों के नकली लेबल के रोल बरामद किए गए। पुलिस ने फैक्ट्री मालिक और मुजफ्फरनगर निवासी सुपरवाइजर के खिलाफ धोखाधड़ी और कॉपीराइट अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

पेप्सीको के प्रतिनिधि की शिकायत पर हुई कार्रवाई

सीएम फ्लाइंग करनाल के उपनिरीक्षक राजसिंह के मुताबिक, पेप्सीको इंडिया होल्डिंग्स प्राइवेट लिमिटेड के अधिकृत प्रतिनिधि जयदीप सिंह कोचर ने नकली कोल्ड ड्रिंक्स तैयार किए जाने की शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि नांगल खेड़ी निवासी महेंद्र मलिक कुराड़ गांव के पास जयफूड होटल के नजदीक एक फैक्ट्री संचालित कर रहा है, जहां पेप्सी और माउंटेन ड्यू के नाम से नकली पेय पदार्थ तैयार कर बाजार में सप्लाई किए जा रहे हैं।

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सीएम फ्लाइंग, खाद्य सुरक्षा विभाग और सनौली थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने फैक्ट्री पर छापा मारा। दोपहर करीब 12 बजे शुरू हुई कार्रवाई रात 11 बजे तक जारी रही। छापेमारी के दौरान फैक्ट्री के अंदर मशीनें चलती मिलीं और बोतलों में नकली कोल्ड ड्रिंक्स भरने का काम किया जा रहा था। टीम ने मौके पर तैयार उत्पादों और निर्माण प्रक्रिया की जांच की।

पांच ब्रांडों के नाम पर तैयार हो रहे थे नकली पेय पदार्थ

जांच के दौरान फैक्ट्री में पेप्सी और कोका-कोला कंपनियों के पांच अलग-अलग ब्रांडों के नाम पर नकली पेय पदार्थ तैयार किए जाने की बात सामने आई। टीम ने मौके से कुल 9,341 भरी हुई बोतलें बरामद कीं। इसके अलावा नामी कंपनियों के ब्रांड और लोगो वाले नकली लेबल के बड़ी संख्या में रोल भी मिले।

कार्रवाई के दौरान पेप्सीको के प्रतिनिधि जयदीप सिंह कोचर ने माउंटेन ड्यू के उत्पादों और उनके लेबल की जांच की। वहीं, कोका-कोला कंपनी के प्रतिनिधि हेमंत मल्होत्रा ने अपनी कंपनी के ब्रांडों के उत्पादों का निरीक्षण किया। दोनों कंपनियों के प्रतिनिधियों ने जांच के बाद मौके पर तैयार पेय पदार्थों को नकली बताया। इससे फैक्ट्री में नामी कंपनियों के ब्रांड का इस्तेमाल कर अवैध रूप से पेय पदार्थ तैयार किए जाने का मामला सामने आया।

नौ सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जाएंगे

खाद्य सुरक्षा अधिकारी विक्रम ने बताया कि फैक्ट्री से कुल नौ सैंपल लिए गए हैं। प्रत्येक सैंपल में चार बोतलें शामिल की गई हैं। इन नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। लैब रिपोर्ट आने के बाद पेय पदार्थों की गुणवत्ता और उनमें इस्तेमाल की गई सामग्री के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

मुजफ्फरनगर का सुपरवाइजर नहीं दिखा सका दस्तावेज

प्रारंभिक जांच में फैक्ट्री का संचालन बिना वैध लाइसेंस के किए जाने की बात सामने आई है। छापेमारी के दौरान फैक्ट्री में मौजूद सुपरवाइजर राहुल बाल्याण निवासी ग्राम खेड़ी सुडान, जिला मुजफ्फरनगर से फैक्ट्री संचालन से संबंधित लाइसेंस और अन्य दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह टीम को कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका।

वहीं, कार्रवाई की भनक लगते ही फैक्ट्री मालिक महेंद्र मलिक का मोबाइल फोन बंद हो गया। पुलिस के मुताबिक, फैक्ट्री मालिक की तलाश की जा रही है।

दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज, गिरफ्तारी के लिए दबिश

सनौली थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि फैक्ट्री मालिक महेंद्र मलिक और सुपरवाइजर राहुल बाल्याण के खिलाफ धोखाधड़ी और कॉपीराइट अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *