पश्चिम बंगाल के कूच बिहार में भीषण सड़क हादसा, पिकअप वैन से टकराई बाइक; तीन दोस्तों की मौत

पश्चिम बंगाल के कूच बिहार में भीषण सड़क हादसा, पिकअप वैन से टकराई बाइक; तीन दोस्तों की मौत

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के कूच बिहार जिले के माथाभांगा कस्बे में ‘भाई फोंटा’ उत्सव की सुबह एक मोटरसाइकिल की पिकअप वैन से आमने-सामने टक्कर के कारण तीन युवकों की मौत हो गई। माथाभांगा-मैनागुड़ी स्टेट हाईवे पर हुए इस हादसे के कारण त्योहार के मौके पर इलाके में मातम पसर गया। फिलहाल, पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी है। मृतकों की पहचान शुभजीत सरकार, संजय रविदास और नीलाद्री शेखर रॉय के रूप में हुई है, जिनकी उम्र 25 से 26 साल के बीच थी।

शुभजीत और नीलाद्री माथाभांगा के वार्ड 9 और 10 के रहने वाले थे, जबकि संजय दक्षिण पंचागढ़ इलाके का निवासी था। परिजनों के अनुसार, ये तीनों दोस्त मंगलवार रात मोटरसाइकिल से काली पूजा के पंडाल देखने निकले थे। वे जिले के धूपगुड़ी तक गए थे और बुधवार सुबह घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। माथाभांगा ब्लॉक-1 की शिकारपुर ग्राम पंचायत के अंतर्गत एक पेट्रोल पंप के पास, मोटरसाइकिल सामने से आ रही एक पिकअप वैन से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोटरसाइकिल पर सवार तीनों युवक कई मीटर दूर जा गिरे। टक्कर की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे।

उन्होंने तीनों युवकों और पिकअप वैन के ड्राइवर को बाहर निकाला। उन्हें पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मोटरसाइकिल सवार तीनों युवकों को मृत घोषित कर दिया। घायल वैन ड्राइवर का इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल और पिकअप वैन को अपने कब्जे में ले लिया और जांच के लिए स्थानीय थाने ले गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। कूचबिहार जिला पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतकों के परिवारों से संपर्क कर लिया गया है। जांच चल रही है।”

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *