नोएडा। उत्तर प्रदेश के नोयडा में थाना बिसरख क्षेत्र के ग्रेटर नोएडा वेस्ट की अजनारा होम्स सोसायटी के एम टावर में सोमवार की रात को बड़ा हादसा होते-होते बचा। ऊपर से नीचे आ रही लिफ्ट में पांच बच्चे, तीन महिलाओं समेत 14 लोग करीब 20 मिनट तक फंसे रहे। इस दौरान बच्चों को सांस लेने में तकलीफ हुई और एक बच्चा डर से रोने लगा। लिफ्ट में फंसे सोसायटी निवासी एसएस पांडे ने बताया कि रात को 14 लोग ऊपर से नीचे जा रहे थे। पहली मंजिल पर आते ही लिफ्ट झटका लेकर रुक गई। करीब 10 मिनट तक दरवाजा नहीं खुला तो लोगों ने गेट पीटकर मदद मांगी। शोर सुनकर अन्य निवासियों ने मेंटेनेंस और सुरक्षा टीम को बुलाया, तब जाकर सभी को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।

निवासियों का आरोप है कि टावर में तीन लिफ्ट हैं, लेकिन मेंटेनेंस की लापरवाही से दो पहले से ही खराब थीं। एक सर्विस लिफ्ट सुबह से बंद थी, दूसरी दोपहर में खराब हो गई। शाम को पूरी बिल्डिंग एक ही लिफ्ट के भरोसे थी और वह भी अटक गई।

सोसायटी निवासी दिनकर पांडे ने आरोप लगाया कि लिफ्ट का रजिस्ट्रेशन तक नहीं है। लिफ्ट में अलार्म और इंटरकाॅम जैसी जरूरी सुरक्षा सुविधा भी नहीं है। अलार्म बजाने के बाद भी मदद देर से पहुंची।निवासियों में मेंटेनेंस प्रबंधन के खिलाफ भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि हर महीने समय से मेंटेनेंस शुल्क लिया जाता है, लेकिन सुविधा नहीं दी जाती। पिछले सप्ताह कचरा उठान बंद करने और डिलीवरी ब्वाॅय, दूध-दवा वालों की एंट्री रोकने को लेकर भी विवाद हो चुका है।

