नोएडा-ग्रेटर नोएडा में सड़क हादसों का कहर-कार डिवाइडर से टकराने पर युवक की मौत, अज्ञात शव समेत 3 की गई जान

नोएडा-ग्रेटर नोएडा में सड़क हादसों का कहर-कार डिवाइडर से टकराने पर युवक की मौत, अज्ञात शव समेत 3 की गई जान

नोएडा। थाना फेस -2 क्षेत्र में हुए एक सड़क हादसे में कार सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी घायल हो गए।

थाना फेस -2 के प्रभारी निरीक्षक राघवेंद्र कुमार सिंह ने रविवार काे बताया कि यश तिवारी (23) पुत्र शशिकांत तिवारी मूल निवासी जनपद हमीरपुर नोएडा के सेक्टर 125 स्थित एक नामी इंजीनियरिंग कॉलेज से इंजीनियरिंग की पढ़ाई किए हुए थे। वह नौकरी की तलाश में थे। आज वह अपने दोस्तों के साथ पार्टी करने के लिए दिल्ली गए। वहां से पार्टी करके लौट रहे थे। इसी बीच उनकी कार भंगेल एलिवेटेड रोड पर उतरते समय अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इस घटना में यश तिवारी और उनके दो अन्य साथियों को गंभीर चोट आई। उन्होंने बताया कि इन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर आज शाम को उपचार के दौरान यश तिवारी की मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

थाना सेक्टर 63 के प्रभारी निरीक्षक अमित काकरान ने बताया कि थाना क्षेत्र में एक 40 वर्षीय व्यक्ति का लहूलुहान शव पुलिस को मिला है। पुलिस को आशंका है कि उक्त व्यक्ति की मौत सड़क हादसे के चलते हुई है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस आसपास के लोगों और सोशल मीडिया की सहायता से शव की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।

थाना बादलपुर के प्रभारी विजय कुमार गुप्ता ने बताया कि थाना क्षेत्र में हुए एक सड़क हादसे में रोहित सैनी पुत्र घनश्याम उम्र 32 वर्ष की रविवार को मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि थाना बादलपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *