नोएडा के नशा मुक्ति केंद्र में युवक की मौत! बाथरूम में फंदा लगाकर जान देने की कोशिश, अस्पताल में तोड़ा दम

नोएडा के नशा मुक्ति केंद्र में युवक की मौत! बाथरूम में फंदा लगाकर जान देने की कोशिश, अस्पताल में तोड़ा दम

नोएडा। उत्तर प्रदेश के नोयडा में थाना सेक्टर 39 क्षेत्र के सेक्टर 108 स्थित एक नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती 20 वर्षीय युवक ने मंगलवार की देर रात को नशा मुक्ति केंद्र के बाथरूम में बेल्ट से फंदा लगा लिया। गंभीर हालत में केयरटेकर द्वारा उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है।

थाना सेक्टर 39 के प्रभारी निरीक्षक डीपी शुक्ल ने बताया कि लक्ष्य पुत्र चंदा उम्र 20 वर्ष पहाड़गंज के रहने वाले थे। वह नशे के आदि थे। उनके परिजनों ने नशा छुड़ाने के लिए उन्हें सेक्टर 108 के बी- 166 स्थित रेअवेकनिंग वेलनेस फांउडेशन नामक नशा मुक्ति केंद्र में जून माह मे भर्ती करवाया था। उन्होंने मंगलवार की रात को नशा मुक्ति केंद्र के बाथरूम में जाकर बाथरूम के कूंडे से अपनी बेल्ट से गले में फंदा लगा लिया। नशा मुक्ति केंद्र के केयरटेकर गोविंदा और अन्य लोगों ने उन्हें फंदे से उतारा तथा उपचार के लिए नोएडा के जिला अस्पताल में भर्ती करवाया। वहां पर डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया।

उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला है कि उन्होंने पूर्व में भी नशे की लत के चलते अपने घर पर आत्महत्या का प्रयास किया था। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। अगर वे इस मामले में कोई शिकायत करेंगे तो पुलिस मामले की रिपोर्ट दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई करेगी।

वहीं थाना फेस -3 क्षेत्र के मामूरा गांव में रहने वाले नवीन उम्र 18 वर्ष ने आज सुबह को अज्ञात कारण से जहरीला पदार्थ खा लिया। उन्हें उपचार के लिए नोएडा के जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया, वहां से उनकी बिगड़ती हालत को देखते हुए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल के लिए रेफर किया गया है। थाना सेक्टर 20 क्षेत्र के निठारी गांव में रहने वाली नीमा पुत्री संजय उम्र 26 वर्ष ने आज सुबह को मानसिक तनाव के चलते अपने घर पर तेजाब पी लिया। उन्हें गंभीर हालत में उपचार के लिए नोएडा की जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

वहां से उनकी बिगड़ती हालत को देखते हुए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल के लिए रेफर किया गया है। थाना फेस- वन क्षेत्र के हरौला गांव में रहने वाले जयपाल उम्र 35 वर्ष ने बीती रात को मानसिक तनाव के चलते जहरीला पदार्थ पी लिया। अत्यंत गंभीर हालत में उपचार के लिए उन्हे नोएडा के जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया। उनकी बिगड़ती हालत की देखते हुए आज सुबह को उन्हें उपचार के लिए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में रेफर किया गया है। सभी घटनाओं के बारे में जिला अस्पताल द्वारा पुलिस को सूचित किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *