नामांकन दाखिल करने से पहले दिग्विजय सिंह ने मल्लिकार्जुन खड़गे और वेणुगोपाल से की मुलाकात

नई दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करने से पहले पार्टी नेता दिग्विजय सिंह ने शुक्रवार को अपने सहयोगी मल्लिकार्जुन खड़गे और के. सी. वेणुगोपाल से मुलाकात की। मुलाकात से जुड़ी विस्तृत जानकारी अभी नहीं मिल पाई है।

सिंह ने वीरवार को पार्टी के अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए नामांकन पत्र लिया था। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने वीरवार को चुनाव नहीं लड़ने की घोषणा की थी। वहीं, राज्यसभा के सदस्य प्रमोद तिवारी ने बताया कि खड़गे अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ेंगे।

ऐसी अटकलें हैं कि खड़गे के चुनाव जीतने पर सिंह राज्यसभा में विपक्ष के नेता के रूप में खड़गे की जगह ले सकते हैं क्योंकि कांग्रेस ‘एक व्यक्ति, एक पद’ के नियम का पालन कर रही है। खड़गे और दिग्विजय सिंह के अलावा शशि थरूर भी पार्टी के अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए शुक्रवार को नामांकन दाखिल करेंगे।

अखिल भारतीय कांग्रेस समिति (एआईसीसी) के यहां स्थित मुख्यालय के प्रांगण में एक तंबू लगाया गया है, जहां पार्टी के नेता पूर्वाह्न 11 बजे से दोपहर तीन बजे के बीच अपना नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं। कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए मतदान 17 अक्टूबर को होगा और इसके परिणाम 19 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *