नलकूपों पर मीटर लगाए जाने के विरोध में किसानों का हंगामा

नलकूपों पर मीटर लगाए जाने के विरोध में किसानों का हंगामा

चौसाना। विद्युत विभाग द्वारा निजी नलकूपों पर मीटर लगाए जाने से किसानों में आक्रोश फैल गया है। बुधवार को रालोद के बैनर तले सैंकडों किसानों ने टोडा बिजलीघर पर पहुंचकर जमकर हंगामा काटा। किसानों ने प्रदेश सरकार पर नलकूपों पर मीटर लगाए जाने के नाम पर किसानों के उत्पीडन करने का आरोप लगाते हुए धरना शुरू कर दिया। इस दौरान किसानों ने बिजलीघर के टीजीटू को मौके पर ही बंधक बना लिया। तीन घंटे तक चले धरना प्रदर्शन के बाद किसानों ने दो दिन में मीटर न उतारे जाने पर चौसाना बिजलीघर पर धरने की चेतावनी दी।
जानकारी के अनुसार बुधवार को राष्ट्रीय लोकदल के बैनर तले सैंकडों किसानों ने निजी नलकूपों पर मीटर लगाए जाने के विरोध में आक्रोश जताते हुए टोडा बिजलीघर पर पहुंचकर हंगामा शुरू कर दिया। किसानों ने निजी नलकूपों पर लगाए जा रहे मीटरों का कडा विरोध किया। किसानों का आरोप है कि सरकार किसानों को ठगने के लिए मीटर लगा रही है ताकि किसानों को आर्थिक रूप से कमजोर किया जा सके। इस दौरान किसानों ने बिजलीघर के टीजीटू सुशील कुमार भी बंधक बनाकर अपने बीच बैठा लिया। किसानों ने चेतावनी दी कि जिन किसानों के खेतों में मीटर लगाए गए हैं यदि उन्हें दो दिन में न उतारा गया तो किसान चौसाना बिजलीघर पर धरना प्रदर्शन शुरू कर देंगे। टीजीटू ने किसानों को समझा बुझाकर किसी प्रकार शांत किया जिसके बाद किसानों ने उसे बंधनमुक्त किया। किसानों का धरना करीब तीन घंटे तक चला। धरने की अध्यक्षता सरदार रेशम सिंह ने की। इस मौके पर सरदार नवाब सिंह, सनोज चौधरी, योगेन्द्र, सूबा सिंह, लाखन सिंह, लोकेश कुमार, कालूराम, सचिन चौधरी, अब्बास प्रधान सहित भारी संख्या में किसान मौजूद रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *