बहसूमा। शुक्रवार को नगर व क्षेत्र में कृष्ण जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। शुक्रवार की मध्य रात्रि में कान्हा के जन्म लेते ही आसमान आतिशबाजी की रोशनी से जगमगा उठा। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच महिलाएं बधाईयां गाने लगी। नगर व क्षेत्र के मंदिरों को सजाया गया। मध्य रात्रि को ही मंदिर और घरो में नंद के लाल की एक झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु बेताब दिखे। झूले पर झूलते श्री कृष्ण के बाल स्वरूप का अलौकिक दर्शन पाकर भक्तजन निहाल हो गए। जन्मोत्सव के तहत नगर व क्षेत्र के कई मंदिरों और घरों में देर रात तक भजन कीर्तन होता रहा और उसके उपरांत प्रसाद वितरण किया गया। नगर व क्षेत्र में कान्हा के विभिन्न स्वरूपों की सजाई गई मनोहारी झांकियों को देखने के लिए नर नारियों सहित बच्चों का हुजूम उमड़ पड़ा। क्षेत्र में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। हर गली मोहल्ले में श्री कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व बड़ी धूमधाम से मनाया गया। वर्ती महिलाओं ने व्रत रखकर भगवान श्री कृष्ण की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि के लिए कामना की वही बच्चों और युवाओं ने अपने अपने घरों में कई मनोहारी झांकियां को सजाकर भगवान का जन्मोत्सव बड़े ही उल्लास से मनाया। इस दौरान पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा।
