धरती से 30 किमी की ऊंचाई पर अंतरिक्ष में फहराया गया तिरंगा, स्पेस स्टेशन में भी दिखी भारतीय शान

अंतरिक्ष विज्ञान के संबंध में देश में जागरूकता को बढ़ावा देने वाले एक संगठन द्वारा अंतरिक्ष में भेजे गए ‘‘बैलूनसैट” की मदद से करीब 30 किलोमीटर की ऊंचाई पर भारतीय तिरंगा फहराया गया। चेन्नई स्थित संगठन स्पेस किड्ज ने अपने सोशल मीडिया मंच पर एक वीडियो साझा किया है जिसमें फहराते तिरंगे को देखा जा सकता है।

हीलियम गैस से भरे बैलून के जरिए तिरंगा को फहराया गया। स्पेस किड्ज इंडिया की संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती केसन ने कहा, “हमने इस साल 27 जनवरी को चेन्नई से बैलूनसैट छोड़ा था। इसने करीब 30 किलोमीटर की ऊंचाई पर भारतीय तिरंगा फहराया।” उन्होंने कहा कि यह वीडियो आजादी के 75 साल पूरा होने के मौके पर सोमवार को जारी किया गया। उन्होंने कहा कि बैलूनसैट से जुड़े विशेष कैमरे की मदद से अंतरिक्ष में फहराते तिरंगे का वीडियो बनाया गया।

स्पेस किड्ज ने देश भर के सरकारी स्कूल की 750 छात्राओं को आजादीसैट-1 विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया है। आजादीसैट-1 को सात अगस्त को लघु उपग्रह प्रक्षेपण यान (एसएसएलवी-डी1) की पहली उड़ान से प्रक्षेपित किया गया था। लेकिन एसएसएलवी-डी1 उसे वांछित कक्षा में स्थापित करने में विफल रहा। केसन ने कहा कि आजादीसैट-1 तैयार करने में 68 लाख रुपये खर्च किए थे। अब संगठन आजादीसैट-2 के निर्माण के लिए निवेशकों की तलाश कर रहा है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *