देवास। शहर के विकासनगर में रहने वाले एक व्यक्ति के मकान का दरवाजा दो दिनों से अंदर से बंद था। पड़ोसियों की सूचना पर मौके पर जब औद्योगिक पुलिस रविवार शाम को पहुंची तो छत के रास्ते प्रवेश किया गया जहां व्यक्ति पलंग पर लेटा हुआ मृत अवस्था में मिला। मौत का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। मर्ग कायम करके जांच की जा रही है, प्रथमदृष्टया जहरीला पदार्थ खाने की बात सामने आई है।
टीआई अनिल शर्मा ने बताया प्रदीप (55) का शव उसके घर से मिला है। पड़ोसियों की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। मौका-मुआयना के बाद शव को जिला अस्पताल पहुंचा दिया गया है और परिजनों को सूचित किया गया है। प्रदीप के बेटे द्वारा शिप्रा में करीब एक साल पहले कूदकर जान देने की जानकारी सामने आई है जबकि प्रदीप की बेटी के ग्वालियर में होने का पता चला है। पुलिस ने जब मकान के अंदर प्रवेश किया तो शव सीधी हालत में पलंग में लेटा मिला। नाक में खून जमा था। फिलहाल हृदयाघात या फिर कुछ जहरीला पदार्थ खाने की आशंका जताई जा रही है। वस्तुस्थिति पीएम रिपोर्ट से स्पष्ट होने की संभावना है। सोमवार सुबह परिजनों के आने के बाद पीएम किया गया। गौरतलब है कि पिछले दिनों बालगढ़ क्षेत्र के जय अंबे नगर में कटनी निवासी एक युवक का शव औंधे मुंह पलंग में पड़ा मिला था, उस दौरान उसकी पत्नी कटनी गई हुई थी, मौके से जहर की शीशी पड़ी मिली थी। ऐसे में आत्महत्या की बात प्रथमदृष्टया सामने आई थी। मृतक एक निजी कंपनी में काम करता था। इस मामले में भी औद्योगिक पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी।
