देवरिया। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में सलेमपुर-देवरिया मुख्य मार्ग पर सोमवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा सड़क किनारे खड़े दूध से लदे ट्रक में पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी।

थानेदार विनोद कुमार सिंह ने बताया कि मृतका की पहचान बबिता देवी (48) पत्नी स्वर्गीय विपिन बिहारी, निवासी अहिरौली लाला, सलेमपुर के रूप में हुई है। वह सलेमपुर के चूड़ा गली में ‘शिवांगी ब्यूटी पार्लर’ संचालित कर अपने परिवार का भरण-पोषण करती थीं। पति के निधन के बाद वह किराये के मकान में रहकर अपने दो बच्चों की अकेले परवरिश कर रही थीं।उन्होंने बताया कि हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। उनकी 18 वर्षीय पुत्री स्नेहा कुमारी और 16 वर्षीय पुत्र आदित्य कुमार का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों के अनुसार, परिवार की पूरी जिम्मेदारी बबिता देवी के कंधों पर थी। उनकी असमय मृत्यु से दोनों बच्चों के सामने आर्थिक और सामाजिक संकट खड़ा हो गया है।

उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही सलेमपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया । दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने सलेमपुर-देवरिया मार्ग पर लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों पर चिंता जताते हुए प्रशासन से सड़क सुरक्षा के प्रभावी उपाय लागू करने, तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती से नियंत्रण करने तथा नियमित यातायात निगरानी सुनिश्चित करने की मांग की है।

