देवरिया में अलमारी से पिस्टल निकालते समय चला फायर, महिला घायल; फॉरेंसिक जांच में जुटी पुलिस

देवरिया में अलमारी से पिस्टल निकालते समय चला फायर, महिला घायल; फॉरेंसिक जांच में जुटी पुलिस

देवरिया। देवरिया जनपद में गौरीबाजार थाना क्षेत्र के ककवल चौराहे पर एक महिला संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से घायल हो गई। पुलिस की जांच में प्रथम दृष्टया यह घटना लाइसेंसी पिस्टल के अचानक फायर हो जाने से हुई प्रतीत हो रही है।

क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर सत्येन्द्र कुमार राय ने बताया कि ग्राम बड़हरा निवासी अशोक कुमार, जो पूर्व सैनिक (एक्स आर्मी मैन) हैं। वह ककवल चौराहे पर दुकान संचालित करते हैं और वहीं परिवार के साथ रहते हैं। 29 मई की शाम उनकी पत्नी कुसुमलता अलमारी से अशोक कुमार की लाइसेंसी पिस्टल निकाल रही थीं। इसी दौरान पिस्टल हाथ से छूटकर नीचे गिर गई, जिससे अचानक फायर हो गया।

बताया गया कि चली हुई गोली पहले अलमारी में लगी और उसके बाद कुसुमलता के हाथ में जा लगी, जिससे वह घायल हो गईं। घटना के बाद परिजनों ने उन्हें तत्काल उपचार के लिए जिला चिकित्सालय देवरिया पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें गोरखपुर रेफर कर दिया।

पुलिस के मुताबिक महिला का इलाज गोरखपुर में चल रहा है और उनकी स्थिति सामान्य है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

क्षेत्राधिकारी ने बताया कि मामले की गहन जांच के लिए फॉरेंसिक टीम घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। जांच रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल कर रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *