दुर्गा पूजा से पहले वाराणसी नगर निगम अलर्ट! पंडालों के आसपास सफाई, रोशनी, सड़क और जल निकासी की तैयारियां तेज

दुर्गा पूजा से पहले वाराणसी नगर निगम अलर्ट! पंडालों के आसपास सफाई, रोशनी, सड़क और जल निकासी की तैयारियां तेज

वाराणसी। शारदीय नवरात्र और दुर्गा पूजा को लेकर उत्तर प्रदेश में वाराणसी नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। तीन दिवसीय दुर्गा पूजा के दौरान शहर में श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए नगर निगम ने सफाई, मार्ग प्रकाश, पेयजल, जल निकासी और सड़कों की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने रविवार को अधिकारियों को निर्देशित किया कि त्योहार शुरू होने से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही तय करते हुए स्पष्ट किया कि व्यवस्थाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नगर आयुक्त ने सभी जोनल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में स्थापित होने वाले दुर्गा पूजा पंडालों की सूची तैयार कर उनका स्थलीय निरीक्षण करने को कहा है। संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर पंडालों के आसपास आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

सफाई एवं खाद्य निरीक्षकों को प्रतिदिन पंडालों के आसपास निरीक्षण कर नियमित सफाई और कूड़ा उठान सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पंडालों के पास पर्याप्त संख्या में डस्टबिन भी रखे जाएंगे, ताकि कचरा जमा न हो। मार्ग प्रकाश विभाग को श्रद्धालुओं के आवागमन वाले प्रमुख मार्गों और पूजा पंडालों के आसपास बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए गए हैं। नगर निगम का लक्ष्य है कि पंडालों और प्रमुख मार्गों के आसपास किसी भी स्थान पर अंधेरा या डार्क स्पॉट न रहे।

वहीं, सिविल विभाग को पंडालों तक पहुंचने वाली सड़कों के गड्ढों की मरम्मत और आवश्यक पैचवर्क समय से पूरा कराने को कहा गया है। जलकल विभाग को निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ सीवर संबंधी समस्याओं का तत्काल निस्तारण करने के निर्देश दिए गए हैं। संभावित बारिश के मद्देनजर जलभराव वाले क्षेत्रों को पहले से चिह्नित कर नालियों और गली पिटों की सफाई तथा पंपिंग की व्यवस्था तैयार रखने को कहा गया है। नगर आयुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में की गई तैयारियों का निरीक्षण कर फोटोग्राफ सहित अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

नगर निगम की तैयारियों का उद्देश्य दुर्गा पूजा के दौरान शहर में सफाई, रोशनी, सड़क, पेयजल और जल निकासी जैसी बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाए रखना है, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *