दिल्ली सड़क हादसे में औरैया के युवक की मौत, पैतृक गांव में नम आंखों से हुआ अंतिम संस्कार

दिल्ली सड़क हादसे में औरैया के युवक की मौत, पैतृक गांव में नम आंखों से हुआ अंतिम संस्कार

औरैया। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में दिबियापुर थाना क्षेत्र के हरचंदपुर पंचायत के मजरा मड़ला निवासी एक युवक की दिल्ली में सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। सोमवार को युवक का अंतिम संस्कार उसके पैतृक गांव में गमगीन माहौल के बीच किया गया। अंतिम दर्शन के लिए ग्रामीणों और रिश्तेदारों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

मृतक की पहचान राजीव कुमार उर्फ शिवम (लगभग 25 वर्ष) पुत्र राजेश यादव उर्फ राजू के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार शिवम शनिवार शाम घर से दिल्ली के लिए निकला था। शनिवार और रविवार की दरमियानी रात दिल्ली के परी चौक के पास हुए एक सड़क हादसे में उसकी मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

बताया गया कि शिवम मेहनती और मिलनसार स्वभाव का युवक था। करीब दो वर्ष पूर्व उसकी शादी सरिता देवी से हुई थी। उसके परिवार में पत्नी और लगभग एक माह का मासूम बेटा है। युवक की असमय मौत से पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि मासूम बेटे के सिर से पिता का साया उठ गया।

शिवम दो भाइयों में एक था। युवक की मौत की खबर जैसे ही गांव पहुंची, आसपास के गांवों से भी लोग शोक संवेदना व्यक्त करने उसके घर पहुंचने लगे। सोमवार को गांव में नम आंखों के बीच उसका अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *