नई दिल्ली. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मंकीपॉक्स वायरस से संक्रमित पाया गया पहला मरीज अब पूरी तरह ठीक हो चुका है. उसे मंगलवार को अस्पताल से छुट्टी मिल गई, जिसके बाद वह खुशी-खुशी अपने घर चला गया.

एनएलजेपी अस्पताल के एमडी डॉक्टर सुरेश कुमार ने बताया कि हमने उस मरीज को छुट्टी दे दी है, जो दिल्ली में मंकीपॉक्स का पहला मामला था. वह आदमी 25 दिनों में पूरी तरह ठीक हो गया, उसके सारे लक्षण दूर हो गए थे. वह बहुत स्वस्थ और खुश होकर वापस चला गया.

वहीं राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मंकीपॉक्स से संक्रमित दूसरे मरीज के बारे में जानकारी देते हुए डॉ. सुरेश कुमार ने बताया कि मंकीपॉक्स के लिए परीक्षण किया गया रोगी अफ्रीकी उप-महाद्वीप से है. उसे बुखार के साथ शरीर के विभिन्न हिस्सों पर त्वचा के फटने और चकत्ते पड़े हुए थे. उन्हें एक आइसोलेशन फैसिलिटी में रखा गया है और विशेषज्ञों की एक टीम उनकी देखभाल कर रही है.
डॉ. सुरेश ने कहा, ‘अभी वो स्टेबल हैं. किसी भी चीज़ का इंवोल्मेंट नहीं है. हम आशा करते हैं कि जिस तरह पहला पेसेंट ठीक हुआ वैसे दूसरा पेसेंट भी ठीक हो जाए.’ इसके साथ ही उन्होंने बताया कि LNJP अस्तपाल में अभी 2 संदिग्ध मरीज़ हैं. हमारे पास आइसोलेशन वार्ड में 10 बेड हैं. अगर आवशयकता होगी तो और बढ़ाएंगे.
