दहेज के लिए गर्भवती पत्नी की गला काटकर हत्या, घर में लाश बंद कर फरार हुए ससुराल वाले

दहेज के लिए गर्भवती पत्नी की गला काटकर हत्या, घर में लाश बंद कर फरार हुए ससुराल वाले

आरा जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बरौली गांव में मंगलवार को एक गर्भवती महिला की पति ने गला काट हत्या कर दी। घटना के बाद ससुराल वाले शव घर में ही छोड़कर भाग गये। दोपहर में सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और कमरे से शव बरामद किया गया।इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। मृतका बरौली गांव निवासी रामकृपाल सिंह उर्फ संतोष सिंह की 23 वर्षीया पत्नी रिंकी कुमारी थी। मायके वालों की तरफ से दहेज के लिए पति सहित अन्य लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाया जा रहा है।

घर में लाश बंद कर हुए फरार

रिंकी और संतोष की शादी दिसंबर 2021 में हुई थी। मृतका रिंकी कुमारी के ससुर रिटायर आर्मी जवान हैं और फिलहाल सैप जवान के रूप में पटना में तैनात हैं। जमीरा गांव निवासी रिंकी के चचेरे भाई रमेश कुमार के अनुसार बहन रिंकी की शादी बरौली निवासी रामचंद्र सिंह के पुत्र राम कृपाल सिंह उर्फ संतोष सिंह के साथ हुई थी। शादी के दो महीने बाद से ही संतोष 2 लाख रूपये की मांग कर रहा था। दहेज में कम रुपए मिलने की बात कह कर रिंकी को अक्सर प्रताड़ित किया जा रहा था। इसे देखते हुए उसकी विदाई करने के लिए अनुरोध किया भी गया था, लेकिन गर्भवती होने की बात कह ससुराल वालों ने भेजने से इनकार कर दिया था। मंगलवार दोपहर में चौकीदार और ग्रामीणों ने घटना की सूचना दी। इस पर मायके पक्ष के लोग ससुराल पहुंचे, तो रिंकी एक कमरे में खून से लथपथ मृत पड़ी थी और ससुराल वाले फरार हो गए थे।

मृतका के चचेरे भाई ने बताया कि शादी के बाद से ही रिंकी मायके नहीं लौट सकी थी। विवाद के बाद कई बार उसे विदा करने के लिए कहा गया, लेकिन हर बार ससुराल वाले मना कर रहे थे। उसने रिंकी के पति, सास और देवर पर दहेज में दो लाख रुपये की मांग को लेकर धारदार हथियार से गला काट हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ससुराल वालों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी कर रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *