तीर्थयात्रियों को ले जा रहा वाहन दुर्घटनाग्रस्त, 03 मरे, 10 घायल

तीर्थयात्रियों को ले जा रहा वाहन दुर्घटनाग्रस्त, 03 मरे, 10 घायल

देहरादून। उत्तराखण्ड में तीर्थ यात्रा पर आए महाराष्ट्र के दर्शनार्थियों को ले जा रहा वाहन गुरुवार रात अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। वाहन में कुल सवार 13 स्त्री-पुरुषों में से एक स्त्री सहित तीन की मौत हो गई, जबकि अन्य 10 को घायल अवस्था में अस्पताल भेजा गया है।
राज्य आपदा परिचालन केन्द्र के अनुसार, गुरुवार रात्रि लगभग 11 बजे उत्तरकाशी जनपद में बड़कोट मार्ग पर डाबरकोट में एक वाहन बोलोरो संख्या यूके-14टीए-0635 गहरी खाई में गिरा, जिसमें 13 लोग सवार थे। ये सभी यमुनोत्री धाम दर्शन करने हेतु जा रहे थे। दुर्घटना में 04 बच्चे सहित 10 लोग घायल हो गए व 03 लोगों की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। एसडीआरएफ की टीम ने अत्यंत विषम परिस्थितियों व रात्रि के घनघोर अंधेरे में गहरी खाई में उतरकर राहत कार्य कर घायलों और शवों को मुख्य मार्ग पहुंचाया।

इस दुघर्टना में बोलोरो चालक पूरणनाथ पुत्र गोपाल नाथ, निवासी अंधेरी, मुंबई , वर्तमान में निवासी ऋषिकेश (उत्तराखण्ड), जयश्री पुत्री अनिल, उम्र 23 वर्ष और अशोक पुत्र महादेव, उम्र 40 वर्ष, दोनों निवासी तुनसार, जिला भंडार, महाराष्ट्र की मौके पर ही मृत्यु हो गई।

जबकि बालकृष्ण कोसरे, उम्र 41 वर्ष निवासी तुनसार, जिला भंडार, अन्नू पुत्री अशोक, उम्र 04 वर्ष, निवासी नागपुर, रचना पत्नी अशोक उम्र 38 वर्ष निवासी नागपुर, दिनेश पुत्र किशन उम्र 35 वर्ष निवासी तुनसार, मोनिका पुत्री बालकिशन, उम्र 24 वर्ष, निवासी तुनसार, कृतिका पुत्री अशोक उम्र 15 वर्ष निवासी नागपुर, वोदी पुत्री प्रशांत, उम्र 10 वर्ष निवासी नागपुर, लक्ष्मी पत्नी बालकिशन, उम्र 46 वर्ष निवासी तुनसार, प्रेरणा उम्र 08 वर्ष निवासी तुनसार, और प्रमोद पुत्र तुलसीराम, उम्र 52 वर्ष निवासी निवासी तुनसार महाराष्ट्र घायल हुए हैं।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *