तिरंगे के रंग में रंगा प्रयागराज! बाजारों में देशभक्ति का जोश, झंडे से लेकर टी-शर्ट तक की जमकर खरीदारी
oppo_0

तिरंगे के रंग में रंगा प्रयागराज! बाजारों में देशभक्ति का जोश, झंडे से लेकर टी-शर्ट तक की जमकर खरीदारी

प्रयागराज। स्वतंत्रता दिवस को लेकर प्रयागराज के प्रमुख बाजारों में देशभक्ति का माहौल दिखाई देने लगा है। बाजारों में दुकानों को तिरंगे के रंग में सजाया गया है। वहीं, दुकानों पर तिरंगे झंडे के साथ तीन रंगों में सजे विभिन्न सामान लोगों को आकर्षित कर रहे हैं।

सोहबतियाबाग सहित शहर के प्रमुख बाजारों में दुकानदारों ने स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए अपनी दुकानों पर तिरंगे झंडे, तिरंगी पताकाएं, गुब्बारे, रिबन, बैज, टोपी, कलाई बैंड, स्टिकर, तिरंगा टी-शर्ट, दुपट्टे, गमछे और सजावटी सामान बिक्री के लिए रखे हैं। इन सामानों की कीमत 10 रुपये से लेकर 500 रुपये तक है।

सोहबतियाबाग के दुकानदार चमन ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस को लेकर दुकान पर तिरंगे रंग के विभिन्न सामान सजाए गए हैं। लोगों में तिरंगे से जुड़े सामान खरीदने को लेकर खासा उत्साह है। बच्चे झंडे, टोपी, गुब्बारे और कलाई बैंड पसंद कर रहे हैं, जबकि युवा तिरंगा टी-शर्ट, दुपट्टे और बैज खरीद रहे हैं।

उन्होंने बताया कि अभी से ग्राहकों की आवाजाही बढ़ गई है। स्वतंत्रता दिवस के दिन तक बिक्री में और तेजी आने की उम्मीद है। दुकानदारों को इस बार अच्छी आमदनी होने की उम्मीद है।

घरों से बाजार तक दिख रहा तिरंगे का रंग

स्वतंत्रता दिवस से पहले शहर के बाजारों में जगह-जगह तिरंगे की छटा दिखाई दे रही है। लोग अपने घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों को सजाने के लिए तिरंगे झंडे और सजावटी सामान खरीद रहे हैं। बाजारों में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में स्वतंत्रता दिवस को लेकर उत्साह नजर आ रहा है।

तिरंगे के रंग में सजे बाजार न केवल लोगों में देशभक्ति की भावना जगा रहे हैं, बल्कि दुकानदारों के कारोबार को भी रफ्तार दे रहे हैं। स्वतंत्रता दिवस नजदीक आने के साथ बाजारों में खरीदारी और बढ़ने की संभावना है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *