ट्रांसफार्मर और बिजली तार चोरी के गिरोह पर पुलिस का शिकंजा, मुठभेड़ में आरोपी पवन के पैर में लगी गोली

ट्रांसफार्मर और बिजली तार चोरी के गिरोह पर पुलिस का शिकंजा, मुठभेड़ में आरोपी पवन के पैर में लगी गोली

कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में घाटमपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत में ट्रांसफार्मर से संबंधित चोरी और बिजली के तार काटने की घटनाओं में शामिल गिरोह के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। ग्राम नीबिया के पास चेकिंग के दौरान पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। जवाबी फायरिंग में एक अभियुक्त पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी मौके से भाग निकला।

पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेन्द्र नाथ चौधरी ने बताया कि घाटमपुर सर्किल में ट्रांसफार्मर से संबंधित चोरी और बिजली के तार काटने की कई घटनाएं सामने आने के बाद पुलिस को प्रभावी चेकिंग और रात्रि गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में पुलिस टीम ग्राम नीबिया के आसपास चेकिंग कर रही थी। तभी नीबिया की ओर से एक वाहन आता दिखाई दिया। पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन उसमें सवार दो लोगों ने वाहन रोकने के बजाय उसे छोड़ दिया और पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भागने लगे।

पुलिस उपायुक्त के अनुसार, पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इस दौरान एक अभियुक्त के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा, जबकि दूसरा मौके से फरार हो गया। घायल अभियुक्त की पहचान पवन के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, घायल अभियुक्त शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ लूट, डकैती, चोरी और तार चोरी समेत करीब 10 मुकदमे पहले से दर्ज हैं। वह हाल ही में जेल से छूटकर बाहर आया था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उसका गिरोह क्षेत्र में घूमकर बिजली के तार चोरी करने की घटनाओं को अंजाम दे रहा था।

घायल अभियुक्त को मानवाधिकार संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम को 25,000 रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *