झांसी में लूटकांड का पर्दाफाश! दवा बाजार में गार्ड को बंधक बनाकर लाखों लूटने वाले बदमाश मुठभेड़ में दबोचे

झांसी में लूटकांड का पर्दाफाश! दवा बाजार में गार्ड को बंधक बनाकर लाखों लूटने वाले बदमाश मुठभेड़ में दबोचे

झांसी। उत्तर प्रदेश के जनपद झांसी में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना नवाबाद पुलिस एवं स्वाट/सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए रामराजा दवा बाजार में हुई लूट की घटना का खुलासा कर दिया। पुलिस मुठभेड़ के दौरान लूटकांड में वांछित दो आरोपिताें को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1.49 लाख रुपये, दो अवैध तमंचे, कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई।

एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि सात जुलाई को थाना नवाबाद पुलिस एवं स्वाट/सर्विलांस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि लूटकांड के आरोपित भगवन्तपुरा से करगुंवा जाने वाली सीसी रोड स्थित वीरेन्द्र राय के बसेरा फार्म के पास मौजूद हैं। पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपिताें ने फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपिताें के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपिताें की पहचान छोटेलाल राजपूत उर्फ पवन राजपूत (30), निवासी हाइटेक सिटी, थाना रक्सा, झांसी तथा दिनेश लोधी (28), निवासी ग्राम टीला, थाना करैरा, जिला शिवपुरी (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है। दोनों घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज, झांसी भेजा गया है। पुलिस ने आरोपिताें के कब्जे से दो देशी तमंचे .315 बोर, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस, लूट की वारदात से संबंधित एक लाख 49 हखार 100 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

गौरतलब है कि चार जुलाई 2026 को मनु विहार सिविल लाइन निवासी विजय बरसैया ने थाना नवाबाद में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि रामराजा दवा बाजार में उनकी दुकान पर सुरक्षा गार्ड को बंधक बनाकर अज्ञात बदमाश नकदी लूटकर फरार हो गए थे। इस मामले में थाना नवाबाद पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस लगातार आरोपिताें की तलाश में जुटी थी। पुलिस ने मुठभेड़, गिरफ्तारी एवं बरामदगी के संबंध में थाना नवाबाद में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *