झांसी में ट्रैफिक पुलिस का सख्त अभियान, नियम तोड़ने पर 24 घंटे में 2 लाख से अधिक का जुर्माना

झांसी में ट्रैफिक पुलिस का सख्त अभियान, नियम तोड़ने पर 24 घंटे में 2 लाख से अधिक का जुर्माना

झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी शहर में यातायात नियमों की अनदेखी कर सड़कों पर दबंगई दिखाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने बड़ा अभियान चलाया। यातायात निरीक्षक (टीआई) देवेंद्र कुमार शर्मा के नेतृत्व में चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले कई वाहनों पर कार्रवाई की गई। महज 24 घंटे में पुलिस ने दाे लाख 17 हजार रुपये का जुर्माना वसूलते हुए कई वाहनों को सीज भी किया।

अभियान के दौरान विशेष रूप से उन वाहनों को निशाने पर लिया गया, जिनमें मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज आवाज निकाली जा रही थी या फिर काली फिल्म और बिना नंबर प्लेट के वाहन सड़क पर दौड़ाए जा रहे थे।

टीआई देवेंद्र शर्मा और उनकी टीम ने शहर के विभिन्न प्रमुख चौराहों एवं मार्गों पर सघन चेकिंग की। इस दौरान मॉडिफाइड साइलेंसर और अन्य नियमों के उल्लंघन में छह बुलेट मोटरसाइकिलों को सीज किया गया। एक अन्य बुलेट का चालान किया गया। इस कार्रवाई से कुल एक लाख 21 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।

इसके अलावा एक थार वाहन को सीज किया गया। छह अन्य थार, फॉर्च्यूनर, बोलेरो और स्कॉर्पियो वाहनों के चालान किए गए। इन वाहनों पर कुल 51 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। नो-एंट्री क्षेत्र में प्रवेश करने वाले एक ट्रक का 20 हजार रुपये का चालान किया गया। वहीं अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों से 25 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।

यातायात निरीक्षक देवेन्द्र शर्मा ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों से नियमों का पालन करने और वाहनों में अवैध मॉडिफिकेशन न कराने की अपील की है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *