झांसी: प्रॉपर्टी विवाद में संजय सिंह हत्याकांड का खुलासा, मुठभेड़ में दो आरोपी गिरफ्तार

झांसी: प्रॉपर्टी विवाद में संजय सिंह हत्याकांड का खुलासा, मुठभेड़ में दो आरोपी गिरफ्तार

झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में प्रॉपर्टी के विवाद में हुई संजय सिंह की हत्या का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुठभेड़ में दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से दो तमंचे, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस तथा हत्या में प्रयुक्त कार बरामद की गई।

एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि थाना नवाबाद पुलिस और स्वाट, सर्विलांस टीम ने सोमवार को करगुवाजी सालासर सिटी से न्यू पुलिस लाइन जाने वाले कच्चे रास्ते पर भैंसासुर बब्बा मंदिर के पास मुठभेड़ के दौरान जीम सैफी उर्फ भीम निवासी सिद्धेश्वर नगर और धर्मेन्द्र सिंह परिहार निवासी परवई को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में जीम सैफी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।

एसपी सिटी ने बताया कि 24 जुलाई को सर्वेश सिंह ने थाना नवाबाद में तहरीर देकर बताया था कि उसका भाई संजय सिंह 23 जुलाई की रात दतिया से दर्शन कर लौटते समय एक रेस्टोरेंट में भोजन कर रहा था। इसी दौरान अज्ञात हमलावर ने उसके सिर में गोली मार दी। मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपितों ने बताया कि संजय सिंह प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था और पाल कॉलोनी स्थित एक जमीन को लेकर उसका अजय यादव से लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में संजय ने अजय के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराने का प्रयास भी किया था। वहीं, धर्मेन्द्र सिंह परिहार के एक प्लॉट पर भी कब्जे को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था।

इसी रंजिश के चलते अजय यादव और धर्मेन्द्र सिंह परिहार ने मिलकर संजय सिंह की हत्या की साजिश रची। इसके लिए जितेन्द्र यादव उर्फ जीतू, हुसैन उर्फ खड्ड और अजीम उर्फ शेफी उर्फ भीम को सुपारी दी गई। हत्यारोपितों को 50 हजार रुपये एडवांस दिए गए थे, जबकि शेष रकम हत्या के बाद देने की बात तय हुई थी। घटना की रात रेकी करने के बाद हुसैन उर्फ खड्ड ने रेस्टोरेंट के भीतर संजय सिंह के सिर पर पिस्टल सटाकर गोली मार दी थी। एसपी सिटी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही हैं। वहीं, पुलिस अन्य फरार आरोपितों की तलाश में दबिश दे रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *