झज्जर/मुजफ्फरनगर। हरियाणा के झज्जर जनपद में झज्जर-गुरुग्राम मार्ग स्थित सहवाग इंटरनेशनल स्कूल के पास सोमवार सुबह दो लोगों के अर्धनग्न और लहूलुहान शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद के बुढ़ाना क्षेत्र के जौला गांव निवासी कामिल (52) और इरशाद (45) के रूप में हुई है। दोनों राजस्थान के नीमराणा में रहकर हॉस्टल और प्रॉपर्टी कारोबार से जुड़े थे।

सुबह करीब पांच बजे राहगीरों ने सड़क किनारे शव पड़े देख पुलिस को सूचना दी। मौके पर सदर थाना पुलिस, सीआईए, क्राइम ब्रांच, स्पेशल स्टाफ और फोरेंसिक टीम पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों की बेरहमी से हत्या की गई है। मृतकों के सिर, चेहरे और आंखों पर किसी भारी वस्तु से वार किए गए थे। पुलिस का यह भी कहना है कि हत्या के बाद शवों की पहचान मिटाने के उद्देश्य से उन्हें पेट्रोल या किसी ज्वलनशील पदार्थ से जलाने का प्रयास किया गया।
घटनास्थल के पास वाहन के टायरों के निशान मिलने से पुलिस को आशंका है कि हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई और बाद में शवों को वाहन से लाकर झज्जर में फेंका गया। घटनास्थल से एक लोहे का पाइप, पाइप रेंच, पाना और एक बड़ा नीला प्लास्टिक ड्रम भी बरामद हुआ है। पुलिस इन वस्तुओं की फोरेंसिक जांच करा रही है और उनसे फिंगरप्रिंट व अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
परिजनों के अनुसार, कामिल पहले हॉस्टल का संचालन करता था और करीब एक महीने पहले उसने हॉस्टल बेचकर प्रॉपर्टी डीलिंग का कारोबार शुरू किया था। इरशाद उसके साथ मुंशी के रूप में काम करता था। दोनों ने हाल के दिनों में किसी प्रकार की रंजिश या विवाद की जानकारी परिवार को नहीं दी थी।
घटना की सूचना मिलते ही मुजफ्फरनगर के जौला गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन झज्जर पहुंचकर दोनों शवों की शिनाख्त की। कामिल अपने पीछे तीन बेटे और तीन बेटियां छोड़ गए हैं।
झज्जर पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस की कई टीमें हरियाणा और राजस्थान के बीच पड़ने वाले मार्गों और टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

