जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र में एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसन एक युवती को शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए फिर विवाह से इनकार कर दिया। जब उसके खिलाफ लड़की ने शिकायत दर्ज कराई तो आरोपित मौके से फरार हो गया।

थानाध्यक्ष गंगासागर मिश्र ने बताया कि मड़ियाहूं तदीपुर गांव निवासी एक युवती ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि सखैला गांव निवासी विशाल ने शादी का वादा कर करीब चार वर्षों तक उसका शारीरिक शोषण किया। जब उसने विवाह के लिए दबाव बनाया तो आरोपित ने शादी से इनकार कर दिया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। मामले में पुलिस ने आरोपित विशाल समेत अन्य नामजद लोगों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। इसके बाद से आरोपित फरार चल रहा था। पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही थी, तभी सूचना पर मेडिकल स्टोर मैरादखान के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

थानाध्यक्ष गंगा सागर मिश्र ने बताया कि गिरफ्तारी के दौरान सभी कानूनी प्रक्रियाओं और मानवाधिकार संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन किया गया। आरोपित को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जाएगा। हालांकि पूछताछ के दौरान आरोपित ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को स्वीकार नहीं किया और कहा कि वह न्यायालय में अपना पक्ष प्रस्तुत करेगा। पुलिस मामले की आगे की विवेचना कर रही है।

