जौनपुर। उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र में बरात गए युवक की चाकू से मारकर हत्या कर दी गई। उसका शव मंगलवार सुबह जनवासे से 200 मीटर दूर बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार रामपुर थाना क्षेत्र के गंधोना निवासी कमलेश यादव उर्फ बच्ची (24) बरात में शामिल होने के लिए अपने दो साथियों के साथ मड़ियाहूं थाना क्षेत्र के हरिहरपुर बाइक से आया था। कमलेश के साथियों के मुताबिक, जनवासे से 200 मीटर कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया और हमला बोल दिया। घटना से घबराया कमलेश अपने साथियों के साथ भागने लगा। इस दौरान हमलावरों ने कमलेश को पकड़ लिया और चाकू मारकर हत्या कर दी।
इस बात से उसके साथी अंजान थे। उन्हें लगा कि अंधेरे का फायदा उठाकर कमलेश भी भागने में सफल रहा लेकिन ऐसा नहीं था। मंगलवार सुबह गांव के चरवाहों ने खेत में शव देखा तो शोर मचाया। मृतक की पहचान कमलेश के तौर पर हुई। जिसके बाद सनसनी मच गई। ग्राम प्रधान ने शव मिलने की सूचना पुलिस को दी।
क्षेत्राधिकारी संत कुमार उपाध्याय ने बताया कि मृतक के परिवार वालों को बुलाया गया है। आने पर तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में पुलिस कुछ संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर रही है। मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।


