जौनपुर में बच्चों से भरी स्कूल बस डिवाइडर से टकराई, 40 घायल; छात्रा की हालत गंभीर, वाराणसी रेफर

जौनपुर में बच्चों से भरी स्कूल बस डिवाइडर से टकराई, 40 घायल; छात्रा की हालत गंभीर, वाराणसी रेफर

जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में बक्शा थाना क्षेत्र के अलीगंज बाजार के पास बुधवार रात बच्चों से भरी एक स्कूल बस अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बस सवार 36 बच्चों समेत 40 लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस सेवा की टीम ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया और घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया।

प्रतापगढ़ के जहानाबाद से संबंधित स्कूल बस बच्चों को लेकर जा रही थी। हादसे की सूचना पर 108 सेवा के ईएमई मनीष सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और सर्किल की सभी उपलब्ध एंबुलेंस को मौके पर बुलाया। एंबुलेंस कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया। इस दौरान ईएमटी जयप्रकाश ने एंबुलेंस में ही घायलों को प्राथमिक उपचार दिया, जबकि पायलट मोहम्मद शाहिद ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाई।

घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल लिया। उन्होंने चिकित्सकों को सभी घायलों का बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने बताया कि हादसे में कुल 22 बच्चे घायल हुए हैं, जिनमें एक छात्रा सौम्या पांडेय की हालत गंभीर होने पर उसे वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। शेष बच्चों की स्थिति सामान्य है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस बच्चों के डिनर के लिए रुकी थी। आशंका है कि चालक ने शराब का सेवन किया था। हादसे के बाद से चालक मौके से फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसी की मृत्यु नहीं हुई है। सभी घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *