जौनपुर में जन्माष्टमी की धूम! पुलिस लाइन से मंदिरों तक सजीं भव्य झांकियां, रात 12 बजे होगा श्रीकृष्ण जन्मोत्सव

जौनपुर में जन्माष्टमी की धूम! पुलिस लाइन से मंदिरों तक सजीं भव्य झांकियां, रात 12 बजे होगा श्रीकृष्ण जन्मोत्सव

जौनपुर। जिले भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शुक्रवार को श्रद्धालु दिनभर व्रत रखेंगे और रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के साथ जन्माष्टमी का उत्सव मनाया जाएगा। मंदिरों, पुलिस लाइन और घरों में झांकियां सजाई गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी पुलिस ने पुख्ता इंतजाम किए हैं।

पुलिस लाइन स्थित मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। परिसर के पेड़ों पर रंग-बिरंगी लाइटें लगाई गई हैं। मंदिर, पंडाल और आसपास के क्षेत्र को रोशनी से सजाया गया है। शाम आठ बजे भजन-कीर्तन के साथ कार्यक्रम शुरू होगा। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे और रात 12 बजे श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया जाएगा।

इसी क्रम में नगर की प्राचीनतम मंदिर मैहर माता मंदिर में भी भगवान श्री कृष्ण की आकर्षक और रंग बिरंगी चलती फिरती झांकियां सजाई गई है जिसे देखने के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ेगी। इस दौरान श्रद्धालुओं को झांकी के दर्शन कराए जाएंगे।

इस बार पुलिस लाइन में यमुना नदी की झांकी और श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं से जुड़े धार्मिक दृश्य भी तैयार किए गए हैं। विशाल पंडाल आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेगा। साफ-सफाई और सजावट के काम में पुलिसकर्मी भी जुटे रहे। जिला कारागार में भी जन्माष्टमी भक्तिमय माहौल में मनाई जाएगी।

जेल अधीक्षक पवन द्विवेदी के अनुसार, 50 बंदियों ने व्रत रखा है। इनमें अधिकांश पुरुष बंदी हैं, जबकि कुछ महिला बंदियों ने भी उपवास किया है। श्रीकृष्ण जन्म के बाद बंदियों और जेल स्टाफ को प्रसाद वितरित किया जाएगा। जेल में रह रहे छोटे बच्चों को अगले दिन विशेष प्रसाद दिया जाएगा।ग्रामीण क्षेत्रों में भी घरों और पूजा स्थलों पर झांकियां सजाई जा रही हैं। बाजारों में मिट्टी के खिलौने, बांसुरी और सजावटी सामान की बिक्री बढ़ गई है। पुलिस लाइन और जिले के विभिन्न थानों में स्थित मंदिरों को भी सजाया गया है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *