मुजफ्फरनगर। जानसठ नगर पंचायत बोर्ड की बैठक नगर पंचायत अध्यक्ष डॉ. आबिद हुसैन की अध्यक्षता में आयोजित हुई, जिसमें नगर के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में सड़क निर्माण, पेयजल व्यवस्था, पथ प्रकाश, नालों की सफाई और अतिक्रमण हटाने समेत कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित कर शासन को भेजने का निर्णय लिया गया।

बैठक की शुरुआत नगर पंचायत के आय-व्यय का लेखा-जोखा प्रस्तुत करने के साथ हुई। अध्यक्ष डॉ. आबिद हुसैन ने सदन को नगर में संचालित विकास कार्यों की प्रगति से अवगत कराया और सभी सभासदों से उनके-अपने वार्डों की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रस्ताव आमंत्रित किए। सभी प्रस्तावों पर चर्चा के बाद उन्हें सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी गई।

बैठक के दौरान सभासद मोहम्मद अहसान ने वार्ड नंबर 13 में सड़क निर्माण, पेयजल आपूर्ति के लिए नई पाइपलाइन बिछाने, पथ प्रकाश के लिए स्ट्रीट लाइट लगाने तथा बरसात से पहले नालों की सफाई कराने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि इन कार्यों के पूरा होने से क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलेगी।
वहीं सभासद विशाल सैनी ने अपने वार्ड के विकास कार्यों में अन्य सभासदों के हस्तक्षेप पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रत्येक सभासद को अपने वार्ड के विकास कार्यों की प्राथमिकता तय करने का अधिकार मिलना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने अपने वार्ड में सड़क निर्माण से जुड़े कई प्रस्ताव भी सदन के समक्ष रखे।
बैठक में सभासद मन्शूर अंसारी, रूबीना कुरैशी, विकास गुप्ता, मोहम्मद अहसान, राजन कुमार और सतपाल प्रजापति ने नगर पंचायत क्षेत्र की सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने का प्रस्ताव रखा। सदस्यों ने कहा कि सार्वजनिक भूमि पर हो रहे अवैध कब्जों को हटाकर उसका उपयोग जनहित के कार्यों में किया जाना चाहिए।
इसके अलावा नगर पंचायत की आय बढ़ाने के विभिन्न उपायों पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया, ताकि भविष्य में विकास कार्यों के लिए आर्थिक संसाधन मजबूत किए जा सकें।
बैठक में अधिशासी अधिकारी नीलम पाण्डेय, सभासद मोहम्मद अहसान, विकास गुप्ता, रूबीना कुरैशी, मन्शूर अंसारी, अफसाना बाबर, सतपाल प्रजापति, सुभाष चौधरी, अंकित, अफसाना मलिक तथा वरिष्ठ लिपिक सचिन कुमार सहित नगर पंचायत के अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

