जनगणना-2027 की तैयारियों में जुटा मुजफ्फरनगर प्रशासन, डीएम ने कहा- लापरवाही बर्दाश्त नहीं

जनगणना-2027 की तैयारियों में जुटा मुजफ्फरनगर प्रशासन, डीएम ने कहा- लापरवाही बर्दाश्त नहीं

मुजफ्फरनगर। भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण यानी जनसंख्या गणना की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय जनगणना समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना से जुड़े विभिन्न विभागों की तैयारियों की समीक्षा की गई और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है, इसलिए इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक परिवार और व्यक्ति से संबंधित जानकारी पूरी सटीकता, सावधानी और गोपनीयता के साथ दर्ज की जाए।

एक सप्ताह में तैयार होगी कर्मचारियों की सूची

डीएम ने तहसीलदारों और नगर पालिकाओं के अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनगणना कार्य के लिए तैनात किए जाने वाले पर्यवेक्षकों, प्रगणकों और अन्य कर्मचारियों की सूची एक सप्ताह के भीतर तैयार कर उपलब्ध कराई जाए।

उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की तैनाती में स्थानीय क्षेत्र की जानकारी को प्राथमिकता दी जाए। जिस क्षेत्र में कर्मचारी पहले से कार्यरत हैं, संभव हो तो उन्हें उसी क्षेत्र में जनगणना की जिम्मेदारी दी जाए। इसके अलावा पूर्व में गणना या सर्वेक्षण कार्य का अनुभव रखने वाले कर्मचारियों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों को खुद नियमावलियों का अध्ययन करने के निर्देश

जिलाधिकारी ने कहा कि अधिकारी केवल जिला स्तरीय बैठक तक सीमित न रहें, बल्कि अपने-अपने विभागों और क्षेत्रों में कर्मचारियों के साथ बैठक कर उन्हें उनकी जिम्मेदारियों और अधिकारों की जानकारी दें।

उन्होंने तहसीलदारों और नगर पालिकाओं के अधिशासी अधिकारियों को जनगणना-2027 से संबंधित नियमावलियों और दिशा-निर्देशों का गहन अध्ययन करने को कहा, ताकि गणना के दौरान आने वाली व्यावहारिक समस्याओं का तत्काल समाधान किया जा सके।

प्रशिक्षण केंद्रों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश

प्रशिक्षण व्यवस्था की समीक्षा करते हुए डीएम ने निर्देश दिया कि मास्टर प्रशिक्षकों द्वारा प्रशिक्षण शुरू किए जाने से पहले अधिकारी संबंधित प्रशिक्षण केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लें।

उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण केंद्रों पर बिजली, रोशनी, प्रोजेक्टर, स्विच बोर्ड, पेयजल, शौचालय और साफ-सफाई जैसी सभी मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त होनी चाहिए। प्रशिक्षण में शामिल कर्मचारियों के लिए गुणवत्तापूर्ण भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।

डिजिटल प्रशिक्षण पर विशेष जोर

बैठक में जनगणना के दौरान डिजिटल माध्यम से आंकड़े दर्ज किए जाने को लेकर भी चर्चा हुई। डीएम ने कहा कि कर्मचारियों को केवल सैद्धांतिक जानकारी देने के बजाय व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाए।

मास्टर प्रशिक्षक कर्मचारियों को डिजिटल माध्यम से आंकड़े दर्ज करने, तकनीकी समस्याओं और उनके समाधान के बारे में भी जानकारी दें। पर्यवेक्षकों और प्रगणकों को अपने क्षेत्र, गणना की प्रक्रिया और तकनीकी उपकरणों के इस्तेमाल की पूरी जानकारी होना जरूरी है।

डीएम ने इंटरनेट कनेक्टिविटी, जरूरी उपकरण और तकनीकी सहायता की व्यवस्था का पहले से परीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तकनीकी समस्या के कारण जनगणना कार्य प्रभावित नहीं होना चाहिए।

विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर

जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना एक बहु-विभागीय कार्य है और इसकी सफलता सभी विभागों के बेहतर समन्वय पर निर्भर करती है। राजस्व, पंचायती राज, शिक्षा और नगरीय निकाय समेत सभी संबंधित विभाग आपसी तालमेल के साथ कार्य करें।

उन्होंने निर्देश दिए कि यदि किसी विभाग को संसाधनों की कमी, तकनीकी समस्या या किसी अन्य तरह की परेशानी आती है तो इसकी सूचना तत्काल जिला जनगणना कार्यालय को दी जाए, ताकि उसका समय रहते समाधान कराया जा सके।

बैठक के अंत में डीएम उमेश मिश्रा ने दोहराया कि जनगणना देश की विकास योजनाओं और संसाधनों के बेहतर नियोजन के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इसमें किसी भी अधिकारी या कर्मचारी की शिथिलता, लापरवाही या उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं जिला जनगणना अधिकारी अनिरुद्ध प्रताप सिंह, तहसीलदार सदर, विभिन्न नगर पालिकाओं के अधिशासी अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, सहायक बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, ई-डिस्ट्रिक्ट प्रबंधक समेत जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *