छात्र की मौसी का था बोरे में मिला शव, मकान मालिक की शिकायत पर भांजे पर हत्या का केस दर्ज

छात्र की मौसी का था बोरे में मिला शव, मकान मालिक की शिकायत पर भांजे पर हत्या का केस दर्ज

बीटा-2 थाना क्षेत्र के गामा-1 सेक्टर स्थित मकान में हुई महिला की हत्या के मामले में नया मोड़ आ गया है। बोरे में मिला शव छात्र के साथ रह रही विवाहित मौसी पूजा भारती का था। पुलिस ने मकान मालिक की तहरीर के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और जांच की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, शनिवार रात गामा-1 सेक्टर स्थित मकान की दूसरी मंजिल पर किराये पर रहने वाली महिला का शव बोरे में बंद मिला था। जबकि उसके साथ रहने वाला बीटेक अंतिम वर्ष का छात्र आशीष रंजन लापता था। मकान मालिक ने पुलिस को जानकारी दी थी कि दोनों लगभग एक साल से उनके मकान में चचेरे भाई बहन बनकर रह रहे थे। महिला अपना नाम अनवी बताती थी जबकि पहचान पत्र से पता चला कि उसका नाम बिहार के बांका जिला निवासी पूजा भारती है।

रविवार को पुलिस की सूचना पर परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। परिजनों ने बताया कि मृतका छात्र आशीष की विवाहित मौसी थी। पूजा का विवाह झारखंड में हुआ था। वह अपने पति व परिजनों से सरकारी नौकरी की तैयारी करने की बात कहकर ग्रेटर नोएडा में आकर रहने लगी थी। वहीं, आशीष ने भी कभी पूजा के साथ रहने की जानकारी नहीं दी थी। अभी हाल ही में कॉलेज की तरफ से प्लेसमेंट में आशीष की सॉफ्टवेयर कंपनी में नौकरी लगी थी और उसे जल्द ही ज्वाइन करना था।

पुलिस का कहना है कि महिला के पास से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें महिला ने घरेलू समस्याओं की वजह से खुदकुशी की बात लिखी है। आशंका है कि ये सुसाइड नोट पुलिस को गुमराह करने के लिए लिखा गया हो। वहीं, एक यथार्थ अस्पताल का पर्चा भी मिला है, जो 2019 का है। इससे पता चलता है कि महिला तभी से ग्रेटर नोएडा में रह रही है।

मकान मालिक ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई तो पता चला कि आशीष आठ जुलाई को एक बैग लेकर घर से निकला है। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। उनका कहना है कि नौकरी लगने के बाद वह मकान खाली करने की कह रहे थे। जब वह दिखाई नहीं दिए तो उन्हें लगा कि वह मकान खाली कर चले गए, कॉल करने पर मोबाइल स्विच ऑफ था। कमरे से दुर्गंध आने पर घटना की जानकारी हुई। थाना प्रभारी अनिल राजपूत ने बताया कि इस मामले में मकान मालिक की तहरीर पर आशीष रंजन के खिलाफ केस दर्ज किया है। उसकी गिरफ्तारी के बाद पूरी वारदात का खुलासा होगा।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *