लखनऊ। राजधानी लखनऊ के चारबाग जंक्शन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) क्राइम ब्रांच और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 30 लाख रुपये मूल्य की हेरोइन बरामद की है। इस मामले में एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है, जो ट्रेन के जरिए मादक पदार्थ को बेंगलुरु ले जाने की तैयारी में था।

जानकारी के अनुसार, आरपीएफ क्राइम ब्रांच को मादक पदार्थों की तस्करी की सूचना मिली थी। इसके बाद आरपीएफ क्राइम ब्रांच उत्तर रेलवे, आरपीएफ क्राइम ब्रांच पूर्वोत्तर रेलवे और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो, लखनऊ की संयुक्त टीम ने शनिवार को चारबाग रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर विशेष जांच अभियान चलाया।

चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 137 ग्राम हेरोइन बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पीलीभीत निवासी गुरमेज सिंह के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह हेरोइन की खेप लखनऊ से ट्रेन के माध्यम से यशवंतपुर (बेंगलुरु) ले जा रहा था, जहां इसे खपाने की योजना थी।
बरामदगी के बाद आरोपी के खिलाफ नार्कोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम, 1985 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच एजेंसियां अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हैं।
आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि रेलवे मार्ग के जरिए मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन नारकोश के तहत रेलवे परिसरों और ट्रेनों में नियमित जांच अभियान चलाकर नशीले पदार्थों की अवैध तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
