गोरखपुर में सीएम योगी ने किया भाजपा के बूथ अध्यक्ष सम्मेलन अभियान का शुभारंभ, संगठन मजबूती पर जोर

गोरखपुर में सीएम योगी ने किया भाजपा के बूथ अध्यक्ष सम्मेलन अभियान का शुभारंभ, संगठन मजबूती पर जोर

गोरखपुर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के संगठनात्मक अभियान को नई गति देने के उद्देश्य से बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर के बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित प्रदेशव्यापी बूथ अध्यक्ष सम्मेलन का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल पहुंचते ही भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। पूरे परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

यह सम्मेलन भाजपा के प्रदेशव्यापी बूथ सम्मेलन अभियान की औपचारिक शुरुआत है। इसके माध्यम से पार्टी बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक सशक्त, सक्रिय एवं प्रभावी बनाने की दिशा में व्यापक रणनीति पर कार्य करेगी। सम्मेलन में बूथ अध्यक्षों की भूमिका, संगठन विस्तार, जनसंपर्क अभियान, केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने तथा आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की जा रही है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सम्मेलन में बूथ कार्यकर्ताओं को भाजपा संगठन की सबसे महत्वपूर्ण शक्ति बताते हुए कहा कि पार्टी की प्रत्येक चुनावी सफलता के पीछे बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत, समर्पण और जनसंपर्क की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचकर सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से पहुंचाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन सेवा, सुशासन और राष्ट्रहित के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रहा है। बूथ जितना मजबूत होगा, लोकतंत्र उतना ही सशक्त होगा और संगठन की जड़ें उतनी ही गहरी होंगी। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक बूथ को और अधिक सक्रिय एवं संगठित बनाने का आह्वान किया।

सम्मेलन में भाजपा सांसद रवि किशन शुक्ल, प्रदेश उपाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में बूथ अध्यक्ष एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा बूथ स्तर तक पार्टी की नीतियों एवं सरकार की उपलब्धियों को पहुंचाने का संकल्प दोहराया।

प्रदेशव्यापी बूथ सम्मेलन अभियान के शुभारंभ के साथ भाजपा ने आगामी चुनावी तैयारियों को संगठनात्मक स्तर पर नई गति देने का स्पष्ट संदेश दिया है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि मजबूत बूथ संगठन ही चुनावी सफलता की सबसे मजबूत आधारशिला है, जिसके बल पर भाजपा आगामी चुनावों में भी प्रभावी प्रदर्शन का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रही है। उल्लेखनीय है कि भाजपा आज प्रत्येक विधान सभा क्षेत्र में बूथ अध्यक्ष सम्मलेन कर रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *