गोरखपुर में भाजपा की मीडिया-आईटी और सोशल मीडिया टीम की अहम बैठक, चंद्रशेखर बोले- फर्जी खबरों का तथ्यों से दें जवाब; 12 जिलों में बनेगा बेहतर समन्वय

गोरखपुर में भाजपा की मीडिया-आईटी और सोशल मीडिया टीम की अहम बैठक, चंद्रशेखर बोले- फर्जी खबरों का तथ्यों से दें जवाब; 12 जिलों में बनेगा बेहतर समन्वय

गोरखपुर। भारतीय जनता पार्टी गोरखपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय कार्यालय रानीडीहा में रविवार काे मध्य प्रदेश भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर एवं प्रदेश महामंत्री तथा गोरखपुर क्षेत्र के प्रभारी अभिजात मिश्रा की उपस्थिति में क्षेत्रीय मीडिया विभाग, आईटी एवं सोशल मीडिया टोली की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी बनाने, मीडिया समन्वय मजबूत करने, डिजिटल प्लेटफॉर्म के उपयोग तथा पार्टी की नीतियों, कार्यक्रमों और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए मध्य प्रदेश भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने कहा कि वर्तमान समय में मीडिया और सोशल मीडिया संगठन की विचारधारा, नीतियों तथा जनकल्याणकारी कार्यों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बन चुके हैं। ऐसे में भाजपा की मीडिया, आईटी एवं सोशल मीडिया टोली को पूरी जिम्मेदारी, सजगता और तत्परता के साथ अपनी भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा कि विपक्ष की ओर से राजनीतिक लाभ के उद्देश्य से फैलाए जाने वाले फर्जी समाचारों, भ्रामक सूचनाओं और दुष्प्रचार का जवाब तथ्यों एवं प्रमाणों के आधार पर दिया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि किसी भी खबर या सूचना पर प्रतिक्रिया देने से पहले उसकी सत्यता की जांच करना आवश्यक है। गलत और भ्रामक सूचनाओं का सही तथ्यों के साथ प्रभावी तरीके से खंडन कर जनता के सामने वास्तविक स्थिति प्रस्तुत की जाए। डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सक्रियता के साथ-साथ सूचनाओं की विश्वसनीयता, प्रमाणिकता और प्रस्तुति की गुणवत्ता का भी विशेष ध्यान रखना चाहिए। केंद्र एवं प्रदेश सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा संगठनात्मक गतिविधियों को रचनात्मक, सकारात्मक और प्रभावशाली तरीके से जनमानस तक पहुंचाना मीडिया टोली की अहम जिम्मेदारी है।

प्रदेश महामंत्री एवं गोरखपुर क्षेत्र के प्रभारी अभिजात मिश्रा ने कहा कि मीडिया, आईटी और सोशल मीडिया विभाग संगठन के महत्वपूर्ण अंग हैं। तीनों विभागों के बीच बेहतर तालमेल, समन्वय और सक्रिय सहभागिता से संगठन की गतिविधियों को व्यापक स्तर पर प्रभावी बनाया जा सकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आधुनिक संचार माध्यमों का प्रशिक्षण प्राप्त कर उनका सकारात्मक उपयोग करने तथा पार्टी की विचारधारा, सरकार की उपलब्धियों और संगठन के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

बैठक में क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने गोरखपुर क्षेत्र में संगठन की ओर से संचालित गतिविधियों, क्षेत्रीय एवं जिला स्तर पर मीडिया विभाग के कार्यों तथा आईटी और सोशल मीडिया टोली की सक्रियता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने आगामी संगठनात्मक कार्ययोजनाओं पर चर्चा करते हुए कहा कि गोरखपुर क्षेत्र के सभी 12 संगठनात्मक जिलों में मीडिया, आईटी एवं सोशल मीडिया टीमों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर संगठन के कार्यों, कार्यक्रमों और उपलब्धियों को अधिक प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाया जाएगा।

बैठक में क्षेत्रीय महामंत्री डॉ. बच्चा पाण्डेय, राहुल श्रीवास्तव, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष जय प्रकाश शाही, संजीव राय, रणजीत राय बड़े, क्षेत्रीय मंत्री ध्रुव श्रीवास्तव, सुनीता अग्रहरि, हरिकेश गुप्ता, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी राहुल तिवारी, सह मीडिया प्रभारी चंदन आर्या, समरेंद्र विक्रम सिंह, आईटी क्षेत्रीय संयोजक समीर श्रीवास्तव, निवर्तमान संयोजक अनादि प्रिय पाठक, सोशल मीडिया संयोजक सूरज निगम तथा क्षेत्रीय सदस्य शक्ति सिंह सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *