गोरखपुर में गोवध मामले के वांछितों से पुलिस की मुठभेड़, एक के पैर में लगी गोली; दो गिरफ्तार

गोरखपुर में गोवध मामले के वांछितों से पुलिस की मुठभेड़, एक के पैर में लगी गोली; दो गिरफ्तार

गोरखपुर। गोला थाना पुलिस और एंटी थेफ्ट टीम दक्षिणी गोरखपुर को शनिवार को बड़ी सफलता मिली। गोवध निवारण अधिनियम के तहत दर्ज मुकदमे में वांछित दो आरोपितों को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से एक देशी तमंचा, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार आरोपी अब्दुल रहमान उर्फ राजू के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

थाना प्रभारी ने बताया कि चन्द्र प्रकाश पाण्डेय थाना गोला में दर्ज मुकदमा से संबंधित अज्ञात आरोपितों की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि मुकदमे से संबंधित चार बदमाश दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर क्षेत्र से भागने की फिराक में हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए गोला थाना पुलिस ने चीनी मिल-मालहनपार रोड पर चेकिंग शुरू कर दी।

इसी दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिलों पर सवार बदमाश वहां पहुंचे। पुलिस टीम के रोकने का प्रयास किए जाने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान एक बदमाश अब्दुल रहमान उर्फ राजू के दाहिने पैर में गोली लग गई। वहीं, एक अन्य बदमाश मोटरसाइकिल के अनियंत्रित होकर लहराने के कारण सड़क पर गिर गया, जिसे पुलिस टीम ने मौके पर पकड़ लिया।

पकड़े गए दोनों आरोपितों की पहचान अब्दुल रहमान उर्फ राजू तथा नूरूल हसन पुत्र शान मोहम्मद, दोनों निवासी इमलीडीहखूर्द, थाना सिकरीगंज, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई। दो अन्य बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *