गुना कांड पर राजनीतिक सरगर्मियां तेज, दिग्विजय के बेटे ने पूछे भाजपा अध्यक्ष से सवाल

गुना कांड पर राजनीतिक सरगर्मियां तेज, दिग्विजय के बेटे ने पूछे भाजपा अध्यक्ष से सवाल

भोपाल। मध्यप्रदेश के गुना जिले में शिकारियों के हमले में तीन पुलिसकर्मियों के शहीद होने के मामले में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा द्वारा कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह पर सवालिया निशान लगाने के बाद आज सिंह के पुत्र और पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह ने पलटवार करते हुए पूछा है कि आरोपियों के तार जिस मंत्री से जुड़ रहे हैं, भाजपा उनका इस्तीफा कब ले रही है।
मीडिया में आज आई कुछ तस्वीरों में इस घटना के आरोपी राज्य के ग्रामीण विकास मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया के साथ दिखाई दे रहे हैं। सिसोदिया केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थक हैं और उन्हीं के साथ कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए थे। इन तस्वीरों को कल दिग्विजय सिंह के पुत्र जयवर्धन सिंह ने ही वायरल किया था।
इस संबंध में आज जयवर्धन सिंह ने ट्वीट करते हुए भाजपा अध्यक्ष शर्मा से सवाल किया है। उन्होंने कहा, ‘क्या हुआ वी डी शर्मा जी!!! गुना हत्याकांड में महाराज के आदमियों के नाम आते ही पूरी भाजपा को साँप क्यों सूंघ गया। बताइये चुनिंदा लोगों की विशेष दावत में ग्रामीण विकास मंत्री जी के साथ शिकारी क्या कर रहें हैं। साहस है तो मंत्री जी का इस्तीफ़ा लीजिये और शहीदों के साथ न्याय कीजिये।’
दरअसल गुना हत्याकांड के बाद शर्मा ने आरोपियों के तार कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के साथ जोड़ते हुए कहा था कि आरोपियों के सिंह के साथ के संबंधों की जांच होनी चाहिए। दिग्विजय सिंह गुना जिले से ही हैं। उनके पुत्र जयवर्धन सिंह वर्तमान में गुना जिले की राघौगढ़ विधानसभा से विधायक हैं। इस सवाल केे उठाने के बाद से सिंह के समर्थकों के भाजपा अध्यक्ष पर हमले जारी हैं।
इसी क्रम में आज स्वयं दिग्विजय सिंह भी सामने आए। उन्होंने जयवर्धन सिंह के ट्वीट को कोट करते हुए कहा, ‘झूठा आरोप लगा कर मैदान छोड़ कर भाग जाना भाजपा का चरित्र है। साहस है तो आरोपियों के कॉल डिटेल्स निकालें। पता लग जाएगा कौन किसके साथ है।’

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *