गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के जनपद गाजियाबाद के थाना वेव सिटी क्षेत्रांतर्गत एनएच -नौ के फुट ओवर ब्रिज पर एक अज्ञात व्यक्ति का खून से लथपथ शव आज सुबह मिला है। पुलिस को हत्या की आशंका है। शव की पहचान के प्रयास में पुलिस जुटी हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

सहायक पुलिस आयुक्त प्रिया श्रीपाल ने बताया कि थाना वेव सिटी क्षेत्रांतर्गत एनएच नौ दिल्ली-हापुड़ रोड पर बने एक फुट ओवर ब्रिज पर अज्ञात व्यक्ति (37) का शव बुधवार सुबह को मिला है। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की । एसीपी ने बताया कि एक अक्टूबर को सुबह लगभग 8:40 बजे पीआरवी के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई थी।

उन्होंने बताया कि पुलिस आसपास के लोगों और सोशल मीडिया की मदद से शव की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की सहायता से पुलिस घटना को कारित करने वाले बदमाशों की तलाश में जुटी है।

