गाजियाबाद में फेसबुक दोस्त से मिलने पहुंची पिंकी की ईंट से हत्या, बैग लेकर भाग रहा था आरोपी; बहन के शक से खुला खौफनाक राज

गाजियाबाद में फेसबुक दोस्त से मिलने पहुंची पिंकी की ईंट से हत्या, बैग लेकर भाग रहा था आरोपी; बहन के शक से खुला खौफनाक राज

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के जनपद गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र की नाईपुरा कॉलोनी में फेसबुक दोस्त से सोमवार की रात को मिलने आई 28 वर्षीय महिला की ईंट से सिर पर वार कर हत्या कर दी गई। महिला अपनी बहन के साथ दोस्त के कमरे पर पहुंची थी। वारदात के बाद आरोपी बैग लेकर भागने लगा, तभी उसकी बहन को शक हुआ। कमरे में महिला का खून से लथपथ शव देखकर वह चीख पड़ी। शोर सुनकर पहुंचे स्थानीय लोगों ने भाग रहे आरोपी और उसके दोस्त को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।

सहायक पुलिस आयुक्त अंकुर विहार अमरदीप मौर्य ने बताया कि मृतका की पहचान पिंकी पत्नी प्रमोद निवासी गांव मलकपुर, थाना अनूपशहर, जिला बुलंदशहर के रूप में हुई है। आरोपी पिंटू (33) भी बुलंदशहर के गांव शेखपुर गढ़वा थाना खानपुर का रहने वाला है। उनके मुताबिक, पिंकी और पिंटू की दोस्ती करीब चार-पांच महीने पहले फेसबुक के जरिए हुई थी। इसके बाद दोनों फोन पर बातचीत करने लगे थे। 9 नवंबर को पिंकी पिंटू से मिलने नाईपुरा कॉलोनी स्थित उसके कमरे पर पहुंची थी।उनके अनुसार, कमरे में किसी बात को लेकर पिंकी और पिंटू के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसी दौरान पिंटू ने पास में पड़ी ईंट से पिंकी के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। उसी मकान में किराए पर रहने वाले प्रतीक ने बताया कि पिंटू अपने दोस्त आर्यन गुप्ता उर्फ बंटी (22) के साथ पांच दिन पहले ही वहां कमरा किराए पर लेकर रहने आया था। पिंकी रात करीब 8 बजे उनसे मिलने पहुंची थी।

प्रतीक के मुताबिक, वारदात के बाद पिंटू बैग लेकर कमरे से बाहर भागने लगा। बाहर मौजूद पिंकी की बहन को उसकी हरकतों पर शक हुआ। वह कमरे में पहुंची तो पिंकी खून से लथपथ हालत में पड़ी थी। इसके बाद उसने शोर मचाया। स्थानीय लोगों ने पिंटू और उसके दोस्त आर्यन को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

एसीपी अंकुर विहार ने बताया कि 9 नवंबर की रात करीब 9:43 बजे इंद्रापुरी चौकी पर महिला की हत्या की सूचना मिली थी। पुलिस और वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपी पिंटू और उसके दोस्त आर्यन गुप्ता उर्फ बंटी से पूछताछ की जा रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *