गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश में जनपद गाजियाबाद के मुरादनगर में डिडौली कांवड़ सेवा शिविर में बीती देर रात को एक सांप ने दो कांवड़ियों को डस लिया। शिविर के सेवादारों ने दोनों को तुरंत इलाज के लिए गाजियाबाद के एमएमजी में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद एक कांवड़िये को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दूसरे की गंभीर हालत को देखते हुए उसे दिल्ली के लिए रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

राजस्थान के अलवर जिले बहजोड़ गांव के रहने वाले 45 वर्षीय संदीप और 65 वर्षीय लाल चंद अपने साथियों के साथ कांवड़ लाने के लिए हरिद्वार गए थे। वापसी में उनका जत्था डिडौली के कांवड़ सेवा शिविर में विश्राम के लिए रुका हुआ था। उनके साथी जय सिंह ने बताया कि रात करीब 1:30 बजे सोते समय संदीप और लाल चंद को सांप ने डस लिया। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां संदीप की मौत हो गई है।


