गांधी कॉलोनी बिजली संकट पर बवाल: प्रदर्शनकारियों पर मुकदमे की खबर से भड़के मंत्री अनिल कुमार, अधिकारियों को लगाई कड़ी फटकार

गांधी कॉलोनी बिजली संकट पर बवाल: प्रदर्शनकारियों पर मुकदमे की खबर से भड़के मंत्री अनिल कुमार, अधिकारियों को लगाई कड़ी फटकार

मुजफ्फरनगर। भीषण गर्मी के बीच शहर में बिजली संकट को लेकर गांधी कॉलोनी क्षेत्र में उपजे जनआक्रोश के बाद हालात राजनीतिक रूप से भी गरमा गए हैं। बिजलीघर पर प्रदर्शन के बाद प्रदर्शनकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की तैयारी की सूचना सामने आते ही प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने कड़ा रुख अपनाया और बिजली विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में फटकार लगाई।

जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह गांधी कॉलोनी बिजलीघर पर स्थानीय लोगों ने लंबे समय से जारी बिजली कटौती और 20 से 25 घंटे तक आपूर्ति बाधित रहने के विरोध में प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन के बाद बिजली विभाग के एक जूनियर इंजीनियर द्वारा प्रदर्शनकारियों के खिलाफ तहरीर दिए जाने की बात सामने आई, जिससे मामला और अधिक तूल पकड़ गया।

इसी सूचना के सामने आते ही कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने तुरंत बिजली विभाग के मुख्य अभियंता विनोद गुप्ता से फोन पर बात की और कड़ी नाराज़गी जताई। मंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनता पहले से ही बिजली संकट से परेशान है, ऐसे में अपनी समस्या उठाने वाले लोगों पर मुकदमा दर्ज कराना किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।

मंत्री ने बातचीत के दौरान यह भी कहा कि यदि प्रदर्शनकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई आगे बढ़ाई गई तो यह उचित नहीं होगा। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसी कार्रवाई से जनता में गलत संदेश जाएगा और स्थिति और अधिक बिगड़ सकती है।

इसके साथ ही मंत्री ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने ट्रांसफार्मर बदलने और बिजली आपूर्ति बहाल करने में हो रही देरी पर नाराज़गी व्यक्त करते हुए कहा कि इतनी लंबी कटौती के बाद भी यदि व्यवस्था समय पर ठीक नहीं हो रही है तो जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

मुख्य अभियंता से बातचीत के बाद मंत्री अनिल कुमार ने जिलाधिकारी उमेश मिश्रा से भी फोन पर बात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और मामले में संवेदनशीलता के साथ उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

भीषण गर्मी और लगातार बिजली संकट के बीच यह पूरा मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। एक ओर जहां जनता बिजली आपूर्ति को लेकर परेशान है, वहीं दूसरी ओर प्रदर्शन और उसके बाद की प्रशासनिक कार्रवाई ने स्थिति को और अधिक संवेदनशील बना दिया है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *