गांजा तस्कर को घूस लेकर छोड़ने का वीडियो वायरल, दरोगा समेत चार पुलिसकर्मी सस्पेंड

नोएडा में गांजा तस्करों के साथ पुलिसकर्मियों की सांठगांठ का खुलासा हुआ है। बताया जा रहा है कि सेक्टर-57 पुलिस चौकी पर तैनात एक कांस्टेबल ने घूस लेकर गांजा तस्करी के आरोप में पकड़े गए गांजा तस्कर को छोड़ दिया। लेकिन, घूस लेने का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मामला आला अधिकारियों के संज्ञान में आया तो जांच की गई। जिसके बाद कार्रवाई करते हुए सेक्टर-57 पुलिस चौकी पर तैनात एक चौकी इंचार्ज, एक हेड कांस्टेबल और दो कांस्टेबल को सस्पेंड कर दिया गया है। इस मामले में रिश्वत लेने वाले कांस्टेबल के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया गया है और विभागीय कार्रवाई भी की जा रही है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि आरोपी नोट गिनकर सेक्टर-57 पुलिस चौकी पर तैनात कांस्टेबल सोनू को देता और वह जेब में रख लेता है। इस दौरान पीड़ित के एक साथी ने वीडियो बना ली और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इसके बाद पुलिस आयुक्त कार्यालय की तरफ से वीडियो के संबंध में जांच करने के निर्देश दिए गए। जांच में ये वीडियो सही पाया गया।

20 हजार की घूस लेकर छोड़ा आरोपी

एडीसीपी आशुतोष द्विवेदी ने बताया कि संबंधित वीडियो सेक्टर-57 पुलिस चौकी से संबंधित है। पुलिस ने बिशनपुरा से नवरंग नाम के युवक को गांजा तस्करी के आरोप में 14 सितंबर को उठाया था। नवरंग का आरोप है कि चौकी के एक पुलिसकर्मी ने देर शाम को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेने के बाद उसे छोड़ दिया था।

इन पुलिसकर्मियों को किया गया सस्पेंड

एडीसीपी आशुतोष द्विवेदी ने बताया की गांजा तस्करी के आरोपी को 20 हजार रिश्वत लेकर छोड़ने के मामले में थाना-58 क्षेत्र स्थित सेक्टर-57 चौकी इंचार्ज लवकेश कुमार, एक हेड कांस्टेबल और दो कांस्टेबल किया गया है। इसके साथ ही घूस लेने वाले कांस्टेबल सोनू के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए कार्रवाई की जा रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *