मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर पहुंची यूपी की गवर्नर आनंदी बेन पटेल ने चित्तोड़ा स्थित कृषि विज्ञान केन्द्र का निरीक्षण किया। वहां से आनंदी बेन पटेल नई मंडी कोतवाली क्षेत्र गांधी नगर स्थित राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल के आवास पर पहुंची। जहां राज्यमंत्री सहित भाजपा नेताओं ने उनका स्वागत किया।

कपिल देव अग्रवाल के आवास का कोई कार्यक्रम नहीं था। बावजूद राज्यमंत्री कपिल देव के अनुरोध पर बुधवार देर सायं आनंदी बेन पटेल मंत्री आवास पर पहुंची। जहां राज्यमंत्री तथा अन्य भाजपा नेताओं ने बुके भेंटकर गवर्नर का स्वागत किया। पीडब्लूडी गेस्ट हाउस पर रात्रि प्रवास कर 12 मई को सरकारी अस्पताल, जिला जेल व आंगनबाड़ी केन्द्रों का निरीक्षण करेंगी।

गवर्नर ने राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल से जिले में संचालित सरकारी जन कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति के बारे में जानकारी ली। राज्यमंत्री ने गवर्नर को शुक तीर्थ भ्रमण के लिए निवेदन किया। लेकिन आनंदी बेन पटेल ने व्यस्तता के चलते अगले भ्रमण कार्यक्रम के दौरान वहां जाने के लिए आश्वस्त किया। विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जिले में प्रगति पर गवर्नर से चर्चा हुई। जिले की गुड़ व गन्ना की मिठास से उन्हें अवगत कराया तथा गुड़ व शक्कर भेंट भी की। सभासद विपुल भटनागर, भाजपा जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला आदि भाजपा नेता शामिल रहे।

