खतौली। नगर पालिका सभागार में राष्ट्रीय लोक दल के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित हुई। नवनियुक्त नगर अध्यक्ष विनीत गुप्ता ‘तिलोरा वाले’ के आह्वान पर हुई बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, आगामी कार्यक्रमों और नई नगर कमेटी के गठन को लेकर चर्चा की गई।

बैठक में रालोद के नवनियुक्त युवा जिला अध्यक्ष केशव तनेजा, युवा नगर अध्यक्ष गौरव शर्मा उर्फ बंटी और नगर अध्यक्ष विनीत गुप्ता का कार्यकर्ताओं ने फूलमालाएं पहनाकर स्वागत किया। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता देवेंद्र चौधरी और सुशील गुर्जर ने की।

वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन को बूथ और वार्ड स्तर तक मजबूत करने के साथ अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
बैठक में बताया गया कि आगामी 11 अक्टूबर को जीटी रोड स्थित डाकघर के पास रालोद के नए कैंप कार्यालय का उद्घाटन किया जाएगा। कार्यालय का उद्घाटन रालोद के जिला अध्यक्ष संजय राठी करेंगे। इसी दौरान नई नगर कमेटी के गठन और नए पदाधिकारियों की नियुक्ति को अंतिम रूप दिए जाने की जानकारी दी गई।
बैठक में शादाब कुरैशी, टीनू चौधरी, अपार जैन, बाबर चौधरी, अभिषेक चौधरी, आदित्य चौहान, विकेश नहरिया, विवेक दास, अंकित चार्ल्स, राजकुमार तेवतिया, राहुल तोमर और डॉ. अंकुर प्रकाश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

