खतौली (मुजफ्फरनगर)। नगर पालिका परिषद खतौली की बोर्ड बैठक बुधवार को चेयरमैन हाजी शाहनवाज़ लालू की अध्यक्षता में पालिका सभाकक्ष में आयोजित हुई। बैठक में आगामी कांवड़ यात्रा की तैयारियों, पालिका की आय बढ़ाने, बकाया वसूली, पार्किंग ठेका, दुकानों के पुनर्निर्माण और डंपिंग यार्ड के लिए भूमि उपलब्ध कराने सहित कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। बैठक में अधिशासी अधिकारी राजीव कुमार, पालिका अधिकारी और सभी वार्डों के सभासद मौजूद रहे।

बैठक में कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने पर विशेष जोर दिया गया। निर्णय लिया गया कि पूरे कांवड़ मार्ग पर स्ट्रीट लाइटों की व्यवस्था दुरुस्त की जाएगी तथा आवश्यक स्थानों पर अस्थायी टेंट लगाए जाएंगे। श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, चिकित्सा शिविर और साउंड सिस्टम की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही कांवड़ मार्ग और नगर क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा।

चेयरमैन हाजी शाहनवाज़ लालू ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं हर हाल में पूरी कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
बैठक में पालिका की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के उद्देश्य से वर्ष 2006 में पालिका बाजार की पहली मंजिल पर आवंटित दुकानों के बकायेदारों के खिलाफ वसूली की कार्रवाई का निर्णय लिया गया। बकाया जमा नहीं करने वाले आवंटियों के खिलाफ आरसी जारी की जाएगी और भुगतान न होने पर दुकानों का आवंटन निरस्त कर दोबारा नीलामी कराई जाएगी।
नगर विकास से जुड़े अन्य प्रस्तावों में नई दुकानों के किराया और प्रीमियम की दरों का निर्धारण, ढाकन चौक और विद्दीवाड़ा स्थित जर्जर दुकानों के पुनर्निर्माण, गणेशपुरी स्थित पालिका भूमि पर वाहन पार्किंग का ठेका देने तथा वर्ष 2026-27 के श्रावणी छड़ियान मेले की ठेका नीलामी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन को मंजूरी दी गई।
नगर से निकलने वाले ठोस कचरे के स्थायी निस्तारण के लिए डंपिंग यार्ड विकसित करने हेतु नई भूमि खरीदने अथवा लीज पर लेने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक के अंत में चेयरमैन हाजी शाहनवाज़ लालू ने नगरवासियों और समाजसेवियों से कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने में प्रशासन तथा नगर पालिका का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कांवड़ मेला अवधि के दौरान पालिका प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेगा।

