कौशांबी में गंगा स्नान के दौरान हादसा, 5 बच्चे डूबे; मछुआरों ने 4 को बचाया, 10 साल की नेहा की मौत

कौशांबी में गंगा स्नान के दौरान हादसा, 5 बच्चे डूबे; मछुआरों ने 4 को बचाया, 10 साल की नेहा की मौत

कौशांबी। उत्तर प्रदेश के जनपद कौशांबी के कोखराज थाना क्षेत्र के तरसौरा गंगा घाट पर नहाने के दौरान पांच बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। घाट पर मौजूद मछुआरों ने तत्काल नदी में छलांग लगाकर चार बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि 10 वर्षीय किशोरी की डूबने से मौत हो गई। काफी मशक्कत के बाद मछुआरों ने उसका शव गंगा से बरामद किया।

कौशांबी जिले के बाबू का पुरवा गांव के रहने वाले बच्चे विश्वकर्मा पूजा के मौके पर गंगा स्नान करने तरसौरा घाट पहुंचे थे। नहाने के दौरान पांच बच्चे अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। बच्चों को डूबता देख घाट पर मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई।

इसी दौरान घाट पर मौजूद मछुआरों ने तत्परता दिखाते हुए नदी में छलांग लगा दी। मछुआरों ने काजल, अंजली, दूर्वेश समेत चार बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं, 10 वर्षीय नेहा पुत्री लवकुश गहरे पानी में समा गई।

मछुआरों ने काफी देर तक नदी में उसकी तलाश की। तलाश के दौरान नेहा का शव बरामद कर लिया गया।

कोखराज थाना प्रभारी संतोष शर्मा ने बताया, हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

हादसे के बाद मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वहीं, चार बच्चों के सुरक्षित बच जाने से परिजनों ने राहत की सांस ली।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *