कैराना (शामली)। कैराना क्षेत्र में गुरुवार शाम उस समय सनसनी फैल गई जब नेशनल हाईवे-709 एडी के निकट खेत पर गए पूर्व राज्यमंत्री रियासत राणा के पुत्र बिलाल राणा पर फायरिंग की घटना सामने आई। गोली लगने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार बिलाल राणा अपने भांजे सेम के साथ गांव मन्नामाजरा के पास खेत पर गए थे। बताया जा रहा है कि लगभग शाम छह बजे के आसपास पुराने जमीनी विवाद को लेकर कुछ लोग वहां पहुंचे और कहासुनी शुरू हो गई।

घायल पक्ष का आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद आरोपियों ने अचानक मारपीट शुरू कर दी और जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। इसी दौरान भागने के प्रयास में बिलाल राणा के बाएं पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़े।
घटना की जानकारी मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय परिजन भी वहां पहुंचे। घायल को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कैराना ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।
पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक समयपाल अत्री ने बताया कि मामले में तहरीर मिलने के बाद साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल घटना के बाद क्षेत्र में तनाव और चर्चा का माहौल बना हुआ है, जबकि पुलिस पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है।

