काशी में भाई दूज की रौनक, गोधन कूटकर बहनों ने मांगी भाइयों की सलामती; तिलक-आरती से निभाई परंपरा

काशी में भाई दूज की रौनक, गोधन कूटकर बहनों ने मांगी भाइयों की सलामती; तिलक-आरती से निभाई परंपरा

वाराणसी। उत्तर प्रदेश की धर्मनगरी काशी में भाई-बहन के अटूट प्रेम और स्नेह का प्रतीक भाई दूज का पर्व बुधवार को भी पूरे उल्लास और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। भाई के स्वस्थ, सुखी और दीर्घायु जीवन की कामना के लिए बहनों ने व्रत रखा और गोधन पूजन की परंपरा निभाई। इस दौरान घरों, गलियों और मोहल्लों में पारंपरिक गीतों की गूंज रही।

पर्व के अवसर पर शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक बहनों ने घरों के बाहर और मोहल्लों में समूह बनाकर साफ-सफाई की। इसके बाद गाय के गोबर से गोधन चक्र बनाया और उसमें आयु चक्र तैयार कर गूंग भटकइयां के कांटे सहित विभिन्न पूजन सामग्रियां रखीं। बहनों ने पारंपरिक तरीके से सज-धजकर मूसल से गोधन कूटा। इस दौरान बुजुर्ग महिलाओं की देखरेख में परंपरागत गोधन गीत गाए गए। इनमें ‘गोधन भइया चलले अहेरिया, खिलिच बहिना दे ली आशीष, जिउसहू मोरा भइया, जिय भइया भैया दूज…’ जैसे लोकगीत प्रमुख रहे।

पूजन की एक विशेष परंपरा के तहत बहनों ने गोधन चक्र पर रखे गूंग भटकइयां के कांटे को अपनी जीभ से स्पर्श कराया और भगवान गोवर्धन से भाइयों की सुख-समृद्धि, आरोग्य और लंबी आयु की कामना की। मान्यता है कि इस पूजा के माध्यम से बहनें भाई के जीवन की बाधाओं और संकटों को दूर करने की प्रार्थना करती हैं।

गोधन पूजन के बाद बहनों ने घर पहुंचकर भाइयों को आसन पर बैठाया। विवाहित और अविवाहित बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक लगाया, आरती उतारी और मिठाई व प्रसाद खिलाकर उनके दीर्घायु होने की कामना की। भाइयों ने भी बहनों की रक्षा और सुख-दुख में साथ निभाने का संकल्प लेते हुए उन्हें सामर्थ्य के अनुसार उपहार भेंट किए। पर्व को लेकर महिलाओं के साथ बच्चों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। बाजारों में मिठाई और पूजन सामग्री की दुकानों पर रौनक रही। वहीं, विवाहित बहनों के मायके आने-जाने के कारण कैंट रेलवे स्टेशन, रोडवेज और निजी बस अड्डों पर भी काफी चहल-पहल रही।

दो दिन मनाया गया पर्व

इस वर्ष द्वितीया तिथि मंगलवार को अपराह्न करीब दो बजे लगने के कारण बड़ी संख्या में बहनों ने उसी दिन भाई दूज का पर्व मना लिया। वहीं, अधिकांश बहनों ने उदया तिथि की मान्यता के अनुसार बुधवार को पूजन किया। इसी वजह से काशी में यह पर्व लगातार दो दिनों तक उल्लास के साथ मनाया गया।

गोधन पूजन से जुड़ी है अनूठी मान्यता

गोधन पूजन की परंपरा में बहनें गोबर से बनी पूजा की वेदी पर मिठाई, चना और गूंग भटकइयां का पौधा रखती हैं। पूजा से पहले प्रतीकात्मक रूप से गोधन को श्राप दिया जाता है। इसके बाद मूसल से गोधन कूटकर और निर्धारित विधि से पूजन कर भाई की सलामती की कामना की जाती है। लोकमान्यता है कि पूजा के बाद दिया गया श्राप वरदान में बदल जाता है और भाई के जीवन से संकट दूर होते हैं।

यमराज और यमुना से जुड़ी है पौराणिक कथा

भाई दूज मनाने के पीछे यमराज और उनकी बहन यमुना की पौराणिक कथा प्रचलित है। मान्यता के अनुसार, भगवान सूर्य और उनकी पत्नी छाया की दो संतानें यमराज और यमुना थीं। यमुना अपने भाई से बेहद स्नेह करती थीं और अक्सर उन्हें अपने घर भोजन के लिए आमंत्रित करती थीं लेकिन कार्यव्यस्तता के कारण यमराज हर बार उनका निमंत्रण टाल देते थे।

एक बार कार्तिक शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को यमुना के आग्रह पर यमराज उनके घर पहुंचे। भाई के आगमन से प्रसन्न यमुना ने उनका आदर-सत्कार किया और स्वादिष्ट भोजन कराया। बहन के प्रेम और आतिथ्य से प्रसन्न होकर यमराज ने उन्हें वरदान मांगने को कहा। इस पर यमुना ने वर मांगा कि यमराज प्रत्येक वर्ष इस दिन उनके घर भोजन करने आएं और जो भाई इस दिन अपनी बहन के घर जाकर उसके हाथों तिलक लगवाए तथा भोजन ग्रहण करे, उसे यमराज के भय से मुक्ति मिले। यमराज ने बहन को यह वरदान दिया। तभी से कार्तिक शुक्ल द्वितीया को भाई दूज मनाने की परंपरा चली आ रही है। इस दिन बहन के घर जाकर तिलक लगवाने और भोजन करने वाले भाई को यमराज के भय से मुक्ति मिलने की मान्यता है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *