काशी में कार्तिक पूर्णिमा पर उमड़ा आस्था का सैलाब, लाखों श्रद्धालुओं ने गंगा में लगाई पुण्य की डुबकी

काशी में कार्तिक पूर्णिमा पर उमड़ा आस्था का सैलाब, लाखों श्रद्धालुओं ने गंगा में लगाई पुण्य की डुबकी

वाराणसी। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी काशी में कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार को श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। लाखों श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव और हर-हर गंगे के जयघोष के बीच पुण्य सलिला मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने गंगा घाटों पर दीपदान और अर्घ्यदान कर दान-पुण्य किया। वहीं, मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए भी भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी।

कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना सोमवार देर रात से ही शुरू हो गया था। मंगलवार भोर करीब चार बजे से ही विभिन्न घाटों पर स्नान का सिलसिला शुरू हो गया। दिन चढ़ने के साथ ही श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ती गई। प्राचीन दशाश्वमेध और पंचगंगा घाट पर सबसे अधिक रौनक रही। स्नान के बाद महिलाओं सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने समूह में दीपदान और अर्घ्यदान किया।

गंगा के इस पार के प्रमुख घाटों के साथ ही गंगा पार रेती, रामनगर बलुआघाट, सामनेघाट, रविदास घाट, अस्सी, भदैनी, शीतला घाट, अहिल्याबाई घाट, केदारघाट और भैंसासुर घाट पर भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। पुलिस अधिकारी और जवान रात दो बजे से ही घाटों पर तैनात हो गए थे। दशाश्वमेध थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह भी जल पुलिस के जवानों के साथ सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे।

भीड़ को नियंत्रित करने और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए गंगा घाटों की ओर जाने वाले मार्गों पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित किया गया था। पुलिसकर्मी लगातार भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाने में जुटे रहे।

बताते चले सनातन धर्म में कार्तिक पूर्णिमा के स्नान का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। इसे त्रिपुरारी पूर्णिमा के नाम से भी जाना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन गंगा, यमुना और गोदावरी जैसी पवित्र नदियों में स्नान, दीपदान और दान-पुण्य करने से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है। मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा नदी में अथवा तुलसी के समीप दीप प्रज्ज्वलित करने से मां लक्ष्मी प्रसन्न होती हैं। इसी के साथ कार्तिक मास भर चलने वाले गंगा स्नान, पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठानों का भी समापन होता है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *