कानपुर में DM का देर रात औचक निरीक्षण! सड़क निर्माण में मिली खामियां, दीपावली से पहले काम पूरा करने के निर्देश

कानपुर में DM का देर रात औचक निरीक्षण! सड़क निर्माण में मिली खामियां, दीपावली से पहले काम पूरा करने के निर्देश

कानपुर। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर में सड़क निर्माण और मुख्यमंत्री ग्रिड योजना के कार्यों में गुणवत्ता और समयसीमा का पालन सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। बजरिया, चुन्नीगंज और स्वरूप नगर में निर्माण कार्यों का स्थलीय का जायजा लेकर खामियों को दूर करने और अधूरे काम जल्द पूरा कराने को कहा।

देर रात किये गए निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर, नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय, मुख्य विकास अधिकारी और एसडीएम सदर ने शहर में चल रहे सड़क निर्माण, पैचवर्क और मुख्यमंत्री ग्रिड योजना के कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान नगर निगम के जोन-4 में बजरिया थाने के सामने नाला रोड पर कराए जा रहे पैचवर्क में सड़क का समतलीकरण और जोड़ की फिनिशिंग ठीक नहीं मिली। करीब 450 मीटर लंबे इस कार्य पर 18 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं।

इसके बाद चुन्नीगंज चौराहे से राजीव पेट्रोल पंप तक लोक निर्माण विभाग की ओर से कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्य की प्रगति देखी गई। करीब 1.7 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के निर्माण पर 101.44 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। जिलाधिकारी ने विभागीय अधिकारियों को काम जल्द पूरा करने और निर्माण की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही, अन्य क्षेत्रों में चल रहे कार्यों में भी अनावश्यक देरी नहीं होने देने और मार्ग को जल्द आवागमन के लिए सुचारु करने को कहा।

स्वरूप नगर में मुख्यमंत्री ग्रिड योजना के तहत चल रहे कार्य का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने कार्य की प्रगति और उसे पूरा करने की समयसीमा की जानकारी ली। जिलाधिकारी और नगर आयुक्त ने दीपावली से पहले काम पूरा करने के निर्देश दिए। कार्यदायी संस्था ने दो नवंबर तक मार्ग के एक ओर का काम पूरा कर रास्ता साफ करने का आश्वासन दिया। साथ ही, कुल चार कार्यों में से तीन को नवंबर तक पूरा करने की बात कही। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने, तय समयसीमा का पालन करने और आम लोगों को आवागमन में परेशानी से बचाने के निर्देश दिए गए।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *