कानपुर में हिस्ट्रीशीटर की हत्या का खुलासा, मुठभेड़ के बाद मुख्य आरोपी गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

कानपुर में हिस्ट्रीशीटर की हत्या का खुलासा, मुठभेड़ के बाद मुख्य आरोपी गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में ग्वालटोली क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर मोहम्मद जाहिद उर्फ खूंटी की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके साथी और मुख्य आरोपित हिस्ट्रीशीटर राजू कश्यप उर्फ राजू करिया को देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। शातिर के पैर में गोली लगने के बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस के अनुसार ग्वालटोली के मकबरा क्षेत्र निवासी जाहिद उर्फ खूंटी बीते दिनों गंभीर हालत में टाटमिल चौराहे के पास मिला था। सूचना पर पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि हत्या के पीछे बादशाहीनाका क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर राजू करिया का हाथ है। इसके बाद पुलिस लगातार उसकी तलाश में दबिश दे रही थी। गुरुवार देर रात रेलबाजार पुलिस सीओडी पुल के पास चेकिंग कर रही थी, तभी संदिग्ध दिखने पर पुलिस ने आरोपी को रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता के मुताबिक आरोपी राजू करिया के खिलाफ चोरी, लूट और अन्य गंभीर धाराओं में करीब 38 मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ में सामने आया कि राजू करिया और जाहिद उर्फ खूंटी एक साथ आपराधिक घटनाओं को अंजाम देते थे। एक चोरी की वारदात के दौरान जाहिद मौके से भाग गया था, जिससे दोनों के बीच रंजिश पैदा हो गई थी।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि चोरी के माल के बंटवारे को लेकर दोनों के बीच विवाद था। इसी रंजिश और विवाद के चलते राजू करिया ने अपने साथी जाहिद की हत्या कर दी। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *